वार्ड 8 एवं 45 में जनकल्याणकारी योजना लाभार्थी शिविरों का आयोजन

अजमेर, 28 जुलाई। किसी को उज्जवला कनेक्शन मिलने की खुशी थी तो किसी को एक दिन में पेंशन स्वीकृत हो जाने की। किसी पालनहार योजना का लाभ मिला तो कुछ कामगारों को श्रमिक कार्ड स्वीकृत किए गए। यह नजारा था अजमेर उत्तर विधानसभा क्षेत्र में चल रहे जनकल्याणकारी योजना लाभार्थी शिविरों का। आज वार्ड 8 एवं 45 में आयोजित शिविरों में सैकड़ों लोगों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत लाभान्वित किया गया।
अजमेर उत्तर विधानसभा क्षेत्र में आयोजित शिविरों को सम्बोधित करते हुए शिक्षा एवं पंचायतीराज राज्यमंत्री श्री वासुदेव देवनानी ने कहा कि राज्य सरकार ने प्रत्येक वर्ग तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाया है। भामाशाह योजना, भामाशाह स्वास्थ्य बीमा योजना, अन्नपूर्णा योजना, अन्नपूर्णा दूध योजना, अन्नपूर्णा भंडार, राजश्री योजना, श्रमिक कार्ड , उज्जवला योजना, प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री आवास योजना, सौभाग्य योजना, मुख्यमंत्री जल स्वावलम्बन अभियान तथा ऎसी ही अनेक योजनाएं हैं, जिनसे करोड़ों लोगों को राहत मिली है।
उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य अंतिम व्यक्ति तक राहत पहुंचाना है। सरकार की पूरी कोशिश है कि कोई व्यक्ति पीड़ित एवं वंचित ना रहे। मुख्यमंत्री श्रीमती वसुंधरा राजे ने राजस्थान की आधा आबादी को पूरा हक दिलाया। भामाशाह योजना में घर की महिला को मुखिया मानते हुए लाभ दिया जा रहा है। प्रत्येक वर्ग को ध्यान में रखते हुए योजनाएं लागू की गई हैं। किसी तरह का भेदभाव किए बिना हमने सभी को साथ लेकर काम किया।
शिक्षा राज्यमंत्री श्री देवनानी ने दोनों वाडोर्ं में शिविरों का अवलोकन कर हाथों-हाथ उज्जवला गैस कनेक्शन, पेंशन व पालनहार योजना का लाभ आदि स्वीकृत कराए। राहत पाकर लोगों को चेहरे खिल उठे। वार्ड संख्या 8 में आयोजित शिविर में श्री योगेश शर्मा, पार्षद श्री राजू साहू, रमेश सोनी, हरीश ढल्लिीवाल, भोजराज जोशी, रमेश कौशल, बंटी साहू, देवेंद्र साहू, भंवर साहू, लतीफ चौहान, भंवर भाटी सहित सैकड़ों आमजन उपस्थित थे। इसी तरह वार्ड 45 में आयोजित शिविर में पार्षद जे.के. शर्मा, राजेश शर्मा, नारायण टंडन, रामदेव भडाणा, त्रिलोक कच्छावा, मोहन विजयवर्गीय, कृष्ण गोपाल, जैनुद्दीन, शमसुद्दीन, आदि कार्यकर्ता एवं आमजन उपस्थित थे।

भामाशाहों के सहयोग से हुआ शिक्षा का कायाकल्प – श्री देवनानी
अजमेर, 28 जुलाई। शिक्षा एवं पंचायतीराज राज्यमंत्री श्री वासुदेव देवनानी ने शनिवार को राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय फॉयसागर में पौधारोपण कार्य के शुभारम्भ तथा भामाशाह सम्मान समारोह में कहा कि भामाशाहों के सहयोग से राजस्थान में शिक्षा का कायाकल्प हुआ है।
श्री देवनानी ने कहा कि राजस्थान में शिक्षा के क्षेत्र में वर्तमान सरकार द्वारा आमूल चूल परिवर्तन लाया गया है। इसमें भामाशाहों का विशेष सहयोग रहा है। भामाशाह अपने सहयोग से विद्यालयों की हर प्रकार से सहायता करते है। विद्यालय की स्थानीय आवश्यकता के अनुसार भामाशाह भौतिक संसाधन उपलब्ध करवाते है। शिक्षा विभाग के अधिकारियों एवं कार्मिकों को अधिकतम भामाशाहों से सम्पर्क कर उन्हें विद्यालय से जोड़ना चाहिए। अभिभावकों को भी विद्यालय से जोड़ने के लिए उनकी क्षमताओं का उपयोग किया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि गुरू पूर्णिमा के अवसर पर सभी विद्यार्थियों, अभिभावकों तथा भामाशाहों को आगे आकर शिक्षा के मन्दिरों के विकास के लिए खुले दिल से कार्य करना चाहिए। भारतीय संस्कृति में विद्या के लिए दान को परम दान माना गया है। शिक्षा से व्यक्ति ही नहीं परिवार एवं समाज आगे बढ़ता है। शिक्षा व्यक्तियों के लिए नई संभावनाओं के द्वार खोलती है।
विद्यालय में पौधारोपण कार्य का शुभारम्भ किया गया। विद्यालय में जामुन और आम की बाल वाटिका विकसित की जाएगी। इन पौधों के फल बच्चे उपयोग में लेंगे। भविष्य में फलोत्पादन अधिक होने पर विद्यालय के आर्थिक स्वावलम्बन में उपयोग किया जा सकेगा। भामाशाहों ने विद्यालय में बोरवेल, चार कमरों का फर्श एवं बरामदे का निर्माण करवाया। इन्हें समारोह में सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर नगर निगम के स्थानीय पार्षद श्री ज्ञानचंद सारस्वत, विद्यालय परिवार, गणमान्य नागरिक एवं अभिभावक उपस्थित थे।

जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक आयोजित
अजमेर, 28 जुलाई। जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक शनिवार को राजीव गांधी विद्या भवन में आयोजित हुई। इसमें चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाओं के उन्नयन पर चर्चा की गई।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.के.के.सोनी ने बताया कि राजस्थान पब्लिक हैल्थ कार्ड में रेंकिंग बढ़ाने के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे। जिले में 27 आदर्श प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों के चिकित्सा अधिकारियों को बेहतर सेवा उपलब्ध करवाने के लिए निर्देशित किया गया। इन स्वास्थ्य केन्द्रों पर समस्त जारी दवाएं उपलब्ध है। किसी दवा के मि होने पर जिला औषधि भण्डार को अग्रीम सूचित किया जाए। मरीजों को मुख्यमंत्री निःशुल्क जांच योजना के माध्यम से लाभान्वित किया जाना सुनिश्चित किया जाए। आदर्श प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों में मरीज को पर्ची देते समय ही उस पर मरीज के मोबाईल नम्बर अंकित किए जाने चाहिए। मरीजों का संतुष्टि स्तर बढ़ाने के प्रयास होने चाहिए। मरीजों का संतुष्टि स्तर जांचने के लिए चुने हुए मरीजों से फोन पर बात की जाएगी।

उन्होंने बताया कि भामाशाह स्वास्थ्य बीमा योजना के अन्तर्गत बिजयनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र के क्लेम को बढ़ाने की आवश्यकता है। इसी प्रकार पीसांगन के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती ज्यादा से ज्यादा मरीजों को योजना से लाभान्वित किया जाना चाहिए। सम्पूर्ण टीकाकरण अभियान के अन्तर्गत जिले के कुछ स्वास्थ्य केन्द्र ही लक्ष्य प्राप्त कर पाए थे। इस संबंध में समस्त चिकित्सा अधिकारियों को शत प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित करने के निर्देश प्रदान किए गए। जिले में अतिकुपोषित बच्चों का उपचार केन्द्र पर किया जाना चाहिए। जिले के समस्त सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों के ओपीडी में वृद्धि करने के लिए विभिन्न स्तरों पर जागरूकता पैदा की जानी चाहिए।

उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा निर्धारित 5 सूचकांकों के आधार पर शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्र के चिकित्सालयों की रैकिंग की जाती है। टांटोटी, बिजयनगर, देवगांव, हरमाड़ा एवं टॉटगढ़ के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों के चिकित्सा अधिकारियों को सूचकांकों के स्तर पर विशेष कार्य करने के निर्देश प्रदान किए गए। इसी प्रकार सिंगावल, सांपला, बंठली, ढाल एवं धूंधरी के प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों को भी अपेक्षित कार्यों के लिए कहा गया।

उन्होंने बताया कि समस्त चिकित्सा अधिकारियों को मौसमी बीमारियों के प्रति सचेत रहने के लिए कहा गया है। इस संबंध में आवश्यक दवाओं की उपलब्धता पूर्व में ही सुनिश्चित की जाएगी। समस्त चिकित्सा अधिकारी अपने कार्य क्षेत्र में शत प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित करेंगे। साथ ही पीसीटीएस सॉफ्टवेयर पर नियमित एन्ट्री की जाएगी। बैठक में कई चिकित्सकों को संतोषप्रद कार्य नहीं करने पर कारण बताओं नोटिस जारी किए गए। बैठक में पीसीपीएनडीटी एक्ट के तहत विभिन्न कार्यों की समीक्षा की गई।

इस अवसर पर प्रशिक्षु आईएएस तेजस्वी राणा, अतिरिक्त मुख्य चिकित्सा स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एस.एस.जोधा, आरसीएचओ डॉ. रामलाल चौधरी, उप मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर.एस. किराड़िया, जिला कार्यक्रम प्रबंधक श्री संतोष कुमार सिंह एवं पीसीपीएनडीटी के समन्वयक श्री ओमप्रकाश टेपण सहित समस्त पीएमओ एवं चिकित्सा अधिकारी उपस्थित थे।

error: Content is protected !!