सैयद आज़म हुसैन की स्मृति में में 5वी अन्तर विद्यालय प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित
अजमेर। राजकीय संग्रहालय के दिवंगत अधीक्षक सैयद आज़म हुसैन की स्मृति में पृथ्वीराज फाउण्डेशन की ओर से शनिवार को रामनगर स्थित ब्लोसम स्कूल में 5वी अन्तर विद्यालय प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गई।
प्रतियोगिता में अजमेर की 11 स्कूलों ने हिस्सा लिया जिनमें से ब्लॉसम सेकेंडरी स्कूल ने प्रथम व लारेंस एंड मेयो स्कूल ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। क्विज मास्टर डाॅ. हरीश कुमार बेरी व डॉ. पूनम पण्डे ने अजमेर के ऐतिहासिक, भौगोलिक, साहित्यिक, सांस्कृतिक एवं समसामायिक विषयों पर प्रश्न पूछ कर प्रतियोगियों के कौशल को परखा और ढाई घण्टों में एक हजार साल के इतिहास को सभी के बीच साझा किया। प्रथम चक्र के लाॅन्ग राउण्ड में सामान्य प्रश्न पूछे गये, द्वितीय चक्र में विजुअल राउण्ड के दौरान अजमेर के गौरवमयी इतिहास से रुबरु करवाया व तृतीय चक्र में रैपिड फायर राउण्ड में एक मिनिट में अधिकाधिक प्रश्नों के उत्तर देकर प्रतिभागियों ने दर्शकों को रोमांचित किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे वैदिक विद्वान आचार्य सोमदेव ने कहा की जिस मनुष्य की सोच बड़ी होती है उसी का दायरा बड़ा होता है, इसके सही उदाहरण थे सैयद आज़म हुसैन जो की सनातन संस्कृति और वसुदेव कुटम्बकं की धारणा में विशवास रखते थे। यही कारण है की आज भी उन्हें आत्मीयता से स्मरण किया जा रहा है।
मुख्य अतिथि संग्रहालय एवं पुरातत्व विभाग अजमेर वृत्त के अधीक्षक नीरज त्रिपाठी ने कहा की उनकी प्रश्नोत्तरी में बचपन से रूचि रही है ऐसी प्रतियोगिता में भाग लेने से दिमाग तेज़ होता है और बगैर किसी प्रयास के सामजिक गतिविधियों में सहभागिता का मौका हाथ लग जाता है। उन्होंने कहा की ऐतिहासिक शहर अजमेर में ऐसा आयोजन आज़म साहब को सच्ची श्रद्धांजलि है और इस प्रतियोगिता को राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित किया जाना चाहिए।
इतिहास विद् ओमप्रकाश शर्मा ने अजमेर के इतिहास गौरवमयी रहा है, चौहान शासको ने यहाँ से दूर तक शासन किया तो मध्यकाल में भी इसे निखारा गया। अंग्रेजो का आधिपत्य रहा तो गाँधी, नेहरू, भगत सिंह, आज़ाद जैसे महान क्रांतिकारियों ने भी यहाँ से स्वाधीनता के लड़ाई लड़ी।
पृथ्वीराज फाउंडेशन की अध्यक्ष डॉ. पूनम पण्डे के अनुसार अतिथियों ने विजेता टीम ब्लॉसम स्कूल के छात्र विशाल शर्मा एवं रितिका साहू को पुरस्कार व चल वैजयन्ति प्रदान की व उपविजेता टीम लारेंस एंड मेयो पब्लिक स्कूल के नवनीत विरधी और विष्णु जाट को भी पुरस्कृत किया।
फाउंडेशन के संजय शर्मा, कुसुम शर्मा, संजय सेठी, पूनम कश्यप, अनीता भार्गव, घनश्याम जांगिड़, सचिन शर्मा ने आयोजन में विशेष योगदान दिया। ब्लोसम स्कूल के निदेशक राजेश कश्यप ने सभी का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में राजकीय संग्राहलय की कस्टोडियन रूमा आज़म और निसार अहमद भी उपस्थित थे।
रजनीश चारण व संस्कृति के विद्यार्थियों ने दी भजनो की प्रस्तुति
इस अवसर पर स्वर्गीय आज़म हुसैन को श्रद्धांजलि स्वरुप संस्कृति स्कूल के नन्हे विद्यार्थियों ने प्रभुजी तुम चन्दन हम पानी भजन की प्रस्तुति से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसके पश्चात तू माने या न माने दिलदारा असां ने तेनु रब मानिया सूफी गीत से माहौल में सूफियाना रंग बिखेरे। संस्कृति स्कूल के संगीत विभागाध्यक्ष एवं प्रसिद्ध गायक रजनीश चरण ने अल्लाह साँसों की माला से सिमरु में पी का नाम,
अल्लाह तेरो नाम ईश्वर तेरो नाम, हरे रामा हरे कृष्णा आदि की भावपूर्ण प्रस्तुतियों से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया जिसमे राहुल सुनारीवाल ने तबले पर साथ दिया।