केकडी
नगर पालिका मण्डल द्वारा आगामी ग्यारह से बीस सितम्बर तक यहां आयोजित तेजा मेले की तैयारियां शुरू कर दी गई है। मेला कमेटी संयोजक सुरेन्द्र जोशी ने बताया कि बार पालिका मण्डल द्वारा मेले के दौरान लोक मनोरंजन से जुडे विविध सांस्कृतिक कार्यक्रमो व कवि सम्मेलन के साथ लगातार दस दिन तक गीत,संगीत,नृत्य व खेल की विविध प्रतियोगिताए भी आयोजित की जाएगी। आंचलिक संस्कृति के प्रतीक माने जाने वाले इस मेले में इस बार ग्रामीणो का पसंदीदा खेल कबड्डी मुख्य आकर्षण होगा। इस बार , कबड्डी प्रतियोगिता में केकड़ी विधानसभा क्षेत्र की सभी 51 ग्राम पंचायतो की टीमो को आमंत्रित किया जाएगा। पालिका मण्डल द्वारा पहली बार बडे पैमाने पर आयोजित इस प्रतियोगिता में शामिल होने वाली टीमो को आवास व भोजन की व्यवस्था भी पालिका द्वारा उपलब्ध कराई जाएगी।
पालिकाध्यक्ष अनिल मित्तल ने बताया कि मेले की तैयारियां को लेकर सोमवार को पार्षद सुरेन्द्र जोशी की अध्यक्षता में गठित मेला कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान कमेटी में शामिल पार्षद ज्ञान प्रकाश राठी,अर्जुन सिंह शक्तावत,पालिका उपाध्यक्ष के प्रतिनिधि राजेन्द्र चौधरी, पार्षद कमलेश खण्डेलवाल के प्रतिनिधि कैलाश खण्डेलवाल,पार्षद विमला डसाणिया के प्रतिनिधि रामलाल डासाणिया ने मेले की सभी आवश्यक तैयारियो पर चर्चा की तथा मेले को ऐतिहासिक बनाने के लिए कई आवश्यक सुझाव दिए। उन्होंने बताया कि इस बार मेले के दौरान आयोजित होने वाले कार्यक्रम मेले के उदघाटन के साथ 11 सितम्बर से ही शुरू हो जाएंगे। 11 सितम्बर को सुबह सवा दस बजे मेले का तथा मेले के दौरान सात दिन तक चलने वाली कबड्डी प्रतियोगिता का विधिवत उदघाटन होगा। इससे पूर्व पालिका के सभी पार्षद पुरानी केकड़ी स्थित श्रीचारभुजा मंदिर से ढोल ढमाके के साथ मेले का झण्डा लेकर अजमेर रोड पर स्थित लोक देवता तेजाजी की मुख्य थान पर पहुंचेंगे जहां विधिवत पूजा अर्चना के बाद मेले का झण्डारोहण होगा। पालिकाध्यक्ष मित्तल ने बताया कि मेले के दौरान 11 से 17 सितम्बर तक प्रतिदिन सुबह आठ से बारह तथा दोपहर तीन से छह बजे तक जनपथ पर स्थित चौपाटी पर कबड्डी प्रतियोगिता होगी। इस दौरान 11 सितम्बर को रात्रि में पालिका रंगमंच पर ओपन एकल गायन प्रतियोगिता होगी जिसमे कोई भी अपनी प्रतिभा का हुनर दिखा सकेगा। इसी प्रकार 12 सितम्बर को रात्रि में ओपन एकल नृत्य प्रतियोगिता होगी। उन्होंनें बताया कि एकल गायन व एकल नृत्य में शामिल होने वाली प्रतिभाओ को आठ सितम्बर तक पालिका में अपना पंजीयन कराना होगा। इसी क्रम में 13 सितम्बर को रात्रि में पालिका रंगमंच पर सामूहिक नृत्य प्रतियोगिता होगी जिसमे स्कूली छात्र-छात्राए शामिल होंगी। 14 सितम्बर को शहर के विभिन्न महिला मण्डलो द्वारा सांस्कृ तिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। 15 सितम्बर को रात्रि में ओपन फैन्सी ड्रेस प्रतियोगिता होगी। 16 सितम्बर को आर्केस्ट्रा पार्टी द्वारा रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किया जाएगा। 17 सितम्बर को कवि सम्मेलन का आयोजन होगा जिसमे देश के कई ख्यातनाम कवि काव्य पाठ करेंगे। 18 सितम्बर को विराट भजन संध्या होगी तथा 19 सितम्बर को दोपहर दो बजे मेले का मुख्य उत्सव तेजा दरबार व पगडी बन्धन समारोह आयोजित किया जाएगा। समारोह में दूर दराज के यहां लोक देवता तेजाजी की थान पर झण्डा व ज्योत लेकर आने वाले ग्रामीणो सहित विभिन्न प्रतियोगिताओ के विजेताओ को सम्मानित किया जाएगा। पालिकाध्यक्ष ने बताया कि मेला कमेटी के साथ पालिका के सभी पार्षद भी मेले को धूमधाम से सम्पन्न कराने को लेकर संकल्पबद्व है तथा मले की तैयारियो में अपना सहयोग प्रदान कर रहे है। सोमवार को मेला कमेटी की बैठक के दौरान पार्षद धनराज कच्छावा,लोकेश साहू,प्रितम जैन,अमन सोनी,सुरेश सेन भी मौजूद थे।