अजमेर, 6 फरवरी। महिला सशक्तिकरण एवं महिला उद्यमियों को मंच उपलब्ध कराने के लिए अमृता हाट का आयोजन 16 से 22 फरवरी तक किया जाएगा। संभाग स्तरीय यह हाट वैशाली नगर स्थित अरबन हाट बाजार में लगेगा। इसमें 100 से अधिक महिला उद्यमी एवं स्वयं सहायता समूह भाग लेंगे।
संभागीय आयुक्त श्री एल.एन. मीना ने आज अपने कार्यालय में आयोजित बैठक तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अमृता हाट में सक्रिय समूहों की अधिकाधिक भागीदारी, अन्तर विभागीय समन्वय, स्थानीय संस्थाओं का सहयोग एवं व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने बताया कि अमृता हाट के लिए जिला उद्योग केन्द्र द्वारा अरबन हाट बाजार उपलब्ध कराया जाएगा। इसमें प्रदेश के विभिन्न जिलों से आने वाले महिला स्वयं सहायता समूह अपने उत्पाद प्रदर्शित करेंगे। इन समूहों को भोजन एवं आवागमन की सुविधा भी दी जाएगी। स्टॉल्स निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी।
इस साल हाट बाजार में 100 से ज्यादा स्वयंसेवी समूहों के उत्पाद प्रदर्शित किए जाएंगे। इनमें बाडमेर के मिट्टी के खिलौने, टोंके के नमदे और अन्य जिलों के उत्पाद प्रदर्शित किए जाएंगे। उन्होंने नगर निगम को निर्देश दिए कि हाट के प्रचार -प्रसार के लिए होर्डिंग साइट निःशुल्क उपलब्ध कराएं।
श्री मीना ने बताया कि हाट के दौरान प्रतिदिन विभिन्न विभागों द्वारा विभिन्न विषयों पर संगोष्ठी का आयोजन किया जाएगा। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग मेडिकल टीम तैनात करेगा। पुलिस की ओर से सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध करायी जाएगी।
बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर द्वितीय श्री अबु सूफियान चौहान, जिला रसद अधिकारी श्री संजय माथुर, महिला एवं बाल विकास की उप निदेशक डॉ. अनुपमा टेलर, सीओ नोर्थ श्री जिनेन्द्र जैन, सीएमएचओ डॉ. के.के.सोनी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।