जिला एवं ब्लॉक स्तर पर पात्र किसानों को किया सम्मानित
लाईव वेवकास्टिंग के जरिये प्रधानमंत्री ने दिया किसानों को संदेश
पात्र किसानों को मिलेगी 6 हजार की राश
अजमेर, 24 फरवरी। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का शुभारंग रविवार को हुआ। जिला एवं ब्लाक स्तर पर आयोजित र्कायक्रमों में पात्र किसानों को सम्मानित किया गया। समारोह की लाईव वेवकास्टिंग में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने किसानों को संबोधित किया।
जिला कलक्टर श्री विश्व मोहन शर्मा ने बताया कि जिला स्तर पर समारोह तबीजी स्थित राष्ट्रीय बीजीय मसाला अनुसंधान केन्द्र में आयोजित किया गया। इस अवसर पर विधायक श्री वासुदेव देवनानी, श्रीमती अनिता भदेल जिला प्रमुख सुश्री वन्दना नोगिया सहित अन्य अतिथि उपस्थित रहे। ब्लॉक स्तर पर राजीव गांधी सेवा केन्द्रो पर भी कार्यक्रम आयोजित हुए। समारोह के नोडल विभाग सहकारिता विभाग रहा। इस समारोह में कृषि, पशु पालन, कृषि विज्ञान केन्द्र, होर्टीकल्चर, सहकारिता, राजस्व विभाग ने समन्वित प्रयास किये। जिला स्तरीय समारोह में 11 पात्र किसानों को सम्मानित किया गया। किसानों को अतिथियों ने माल्र्यापण किया तथा सम्मान पत्र एवं बीज के पैकिट भी प्रदान किये।
जिला स्तरीय कार्यक्रम में जिला कलक्टर ने बताया की योजना के तहत पात्र कृषक को 6 हजार रूपए की आर्थिक सहायता तीन किश्तों में प्रत्येक चार माह के अन्तराल पर दी जाएगी। पहली किश्त 2 हजार रूपए की होगी। योजना का तहत लघु एवं सीमान्त कृषक परविार एक ऎसा परिवार होगा, जिसमें पति, पत्नी तथा अवयस्क बच्चे सम्मलित है, जिनके पास राज्य /केन्द्र शासित प्रदेशों के भू-अभिलेखों में सम्मलिति रूप से दो हैक्टेयर तक की कृषि योग्य भूमि का स्वामित्व हो। पात्र लघु एवं सीमान्त कृषक को ही योजना का लाभ देय होगा। पात्रताधारी लघु एवं सीमान्त कृषक किसी भी ई मित्र केन्द्र पर जाकर लघु सीमान्त कृषक सेवा पार्टल पर कृषक के आधार नम्बर के जरिए ऑनलाईन आवेदन कर सकेगा। पटवारी द्वारा अपने एसएसओ आईडी के माध्यम से कृषक का सत्यापन किया जाएगा। कृषक द्वारा ऑनलाईन फार्म पूर्ण किए जाने पर अपनी सहमति स्वरूप आवेदन पर आधार के माध्यम से ई साईन करेगा।
जिला कलक्टर ने बताया कि ई मित्र केन्द्र ऑनलाइन आवेदन पत्र पूर्ण करने एवं आधार आधारित प्रमणिकरण एवं उसका प्रिन्ट आउट देने के लिए 25 रूपये शुल्क निर्धारित किया गया है जो कि काश्तकार स्वयं भुगतान करेगा। पात्र कृषकों की सूची तहसीलदार द्वारा पीएमकेआईएसएएन पोर्टन पर अपने डिजिटल हस्ताक्षरों से यथासमय अपलोड किए जाने की सुनिश्चितता भी करेगे।
उन्होंने बताया कि इसी तरह राज्य सरकार द्वारा कृषक कर्ज माफी योजना भी राज्य में लागू की गई है। इसके तहत किसानों के 2 लाख रुपये तक के कर्ज माफ किये गए है। अजमेर जिले में 63 हजार से ज्यादा किसानों को इस योजना में लाभान्वित किया जा रहा है। अब तक 30 हजार से ज्यादा किसानों को राज्य की कर्ज माफी योजना के प्रमाण पत्र वितरित कर दिए गए हैं।इसी तरह किसानों को वृद्धजन कृषक पेंशन योजना के तहत 750 एवं 1000 रुपये की पेंशन दी जाएगी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक श्री वासुदेव देवनानी ने कहा कि यह योजना किसानों की उन्नति में मील का पत्थर साबित होगी। इसके साथ ही कामधेनु योजना एवं अन्य योजनाओं से किसानों कि समृद्धि बढ़ेगी। किसानों की आय बढ़ाने के प्रयास किये जा रहे हैं।
विधायक श्रीमती अनिता भदेल ने कहा कि किसानों के लिए यह योजना निश्चित रूप से बहुत शानदार पहल है। किसानों को उन्नत खेती के लिए प्रयास करते रहना चाहिए। देश का अन्नदाता समृद्ध होगा तो देश समृद्ध होगा।
इस अवसर पर राष्ट्रीय बीजीय मसाला अनुसंधान केंद्र के निदेशक श्री गोपाल लाल, उप निदेशक स्थानीय निकाय विभाग श्री किशोर कुमार, उप निदेशक कृषि वी के शर्मा सहित सहकारिता विभाग के अधिकारी व अन्य अधिकारी एवं किसान उपस्थित थे।
प्रधानमंत्री का उद्बोधन सुना
इस मौके पर उपस्थित सभी किसानों ने गोरखपुर में आयोजित कार्यक्रम के सीधेे प्रसारण को भी देखा। जहां प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा योजना का डिजीटली शुभारंभ किया गया है। उन्होंने प्रधानमंत्री के भाषण को भी सुना। प्रधानमंत्री ने विभिन्न राज्यों के किसानों से सीधी बातचीत भी की।