तेजा तलाई और बड़ा तालाब होंगे मॉडल तालाब के रूप में विकसित

अजमेर 09 मार्च। माननीय उच्च न्यायालय के निर्देशानुसार सरवाड़ के निकट अरवड़ गांव के तेजा तलाई और बड़ा तालाब को मॉडल तालाब के रूप में विकसित किया जाएगा। जिला कलक्टर ने तालाबों में पानी की आवक के रास्तों को अतिक्रमण मुक्त करने के निर्देश दिए हैं।
जिला कलक्टर श्री विश्व मोहन शर्मा ने शनिवार को कलेक्ट्रेट में आयोजित बैठक में अरवड़ गांव के जल स्त्रोत तेजा तलाई, बड़ा तालाब, नया तालाब, छोटी नाड़ी, खादोलाई नाड़ी एवं बालोडाई नाड़ी आदि में पानी के आवक के रास्तों से अतिक्रमण हटाने तथा इन्हें विकसित करने के लिए किए जा रहे प्रयासों की समीक्षा की। उन्होंने प्रशासन को निर्देश दिए कि अतिक्रमण हटाने के साथ ही बबूल के पेड़ भी हटाए जाए। जल स्त्रोतों में फीडर से मिट्टी निकाली जाएगी। साथ ही छायादार वृक्ष पीपल, नीम आदि लगाए जाएंगे। इस क्षेत्र में चारागाह भूमि पर बबूल के पेड़ ग्राम पंचायत हटाएगी।
उन्होंने गांव के 28 एकड़ क्षेत्र में फैले बड़ा तालाब के लिए सीमांकन तथा पत्थरगढ़ी कार्य की भी समीक्षा की। तालाब क्षेत्र में आने वाले जल आवक मार्ग को चिन्हित कर अतिक्रमणों को हटाया जाएगा। बड़ा तालाब की पाल के सुदृढ़ीकरण एवं वृक्षारोपण का कार्य नरेगा से कराने तथा खुदाई का कार्य अन्य योजना से कराया जाएगा।
उन्होंने अजमेर शहर में डाली जा रही सिवरेज के कार्य की भी समीक्षा की। जिला कलक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सिवरेज कार्य में गति लायी जाए। बैठक में जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री गजेन्द्र सिंह राठौड़, नगर निगम आयुक्त चिन्मयी गोपाल, एडीए आयुक्त निशान्त जैन एवं अतिरिक्त जिला कलक्टर प्रशासन श्री आनन्दी लाल वैष्णव सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

error: Content is protected !!