सिंह को गिरफ्तार न किया तो अजमेर बंद

अजमेर। भगवंत यूनिवर्सिटी के चेयरमेन अनिल सिंह की गिरफ्तारी की मांग लगातार जोर पकड़ती जा रही है। भगवंत यूनिवर्सिटी की छात्रा द्वारा दुराचार के प्रयास के आरोप लगाए जाने के बाद से ही अनिल सिंह लापता हैं। अनिल सिंह की गिरफ्तारी की मांग को लेकर पीडि़त छात्रा ने मंगलवार को कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल के साथ एसपी राजेश मीणा से मुलाकात की और अपनी व्यथा सुनाई। कांग्रेस सहित विभिन्न संगठनों ने चेतावनी दी है की अगले 48 घंटे में आरोपी अनिल सिंह को गिरफ्तार नहीं किया गया तो अजमेर बंद करवाया जाएगा।
पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर अपनी पीड़ा बयां कर लौटी पीडि़त छात्रा ने इस बात का खुलासा किया की पुलिस ने भले ही आरोपी भगवंत यूनिवर्सिटी के चेयरमेन अनिल सिंह के खिलाफ  मुकदमा दर्ज कर लिया हो लेकिन पुलिस उसे गिरफ्तार नहीं करके उसके हौसले बुलंद कर रही है। पीडि़त छात्रा की माने तो उसे मुकदमा वापस लेने के लिए लगातार धमकाया जा रहा है और  उसे जान से मारने तक की धमकिया भी दी जा रही है।
इस मामले में सक्रिय हुए कांग्रेस नेता अब पीडि़त छात्रा को मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से मिलवाने का प्रयास कर रहे हैं। कांग्रेस के पूर्व विधायक डॉ. राजकुमार जयपाल ने चेतावनी दी है की अगले 48 घंटे में यदि भगवंत यूनिवर्सिटी के चेयरमेन आरोपी अनिल सिंह को गिरफ्तार नहीं किया गया तो अजमेर बंद करवाया जाएगा।
कांग्रेस के अग्रिम संगठन एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं ने भी मंगलवार को राजकीय महाविधालय के छात्रसंघ अध्यक्ष मोहित मल्होत्रा के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया और भूमिगत हो चुके अनिल सिंह की गिरफ्तारी की मांग की।
इस मामले में हिंदूवादी संगठन भी पीडि़त छात्रा के समर्थन में आगे आये हैं। शिव सेना और विश्व हिन्दू परिषद ने कलेक्ट्रेट पर आरोपी अनिल सिंह का पुतला फूंक कर प्रदर्शन किया और चेतावनी दी की यदि अनिल सिंह की गिरफ्तारी नहीं की गई तो अजमेर बंद करवाया जाएगा।
error: Content is protected !!