मण्डा विद्यालय में बनेगा बरामदा पुस्तकालय

केकड़ी 15 जुलाई।
जालोर के शिक्षाविद संदीप जोशी की प्रेरणा व पायलेट विद्यालय की प्रधानाचार्या गायत्री भारद्वाज व साहित्यकार विमला नागला के मार्गदर्शन में मण्डा के राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय में बरामदा पुस्तकालय बनाया जाएगा। इस बरामदा पुस्तकालय के लिए चित्रा प्रकाशन आकोला के भामाशाह राजकुमार जैन ‘राजन’ ने निःशुल्क बाल साहित्य भिजवाने की स्वीकृत्ति प्रदान की है।

*क्या है बरामदा पुस्तकालय*
आजकल पढ़ाई से बच्चों का मोहभंग सा हो रहा है। स्कूल और कॉलेज में पुस्तकालय सूने दिखते हैं। ऐसे में यह विद्यालय भामाशाहों के सहयोग से पुस्तकालय को ही बच्चों के बीच ले जाने की एक मिसाल पेश कर रहा है। इसके अन्तर्गत विद्यालय के एक बरामदे को ही पुस्तकालय का रूप दिया जाएगा। बच्चों की जब इच्छा हो, कोई भी पुस्तक किसी भी समय लेकर पढ़ सकते हैं, कक्षा में ले जा सकते हैं और इच्छा हो तो घर भी ले जा सकते हैं।

*प्रारम्भ में 300 से अधिक पुस्तको का संग्रह*
शिक्षक दिनेश वैष्णव ने बताया कि प्रारम्भ में इस बरामदा पुस्तकालय में बच्चो के लिये उपयोगी लगभग 300 पुस्तकें रखी जाएगी। वैष्णव ने बताया कि इस बरामदा पुस्तकालय में समय-समय पर विभिन्न भामाशाहों व आमजन के माध्यम से पुस्तकों की संख्या और बढ़ाई जाएगी।

*विविध विषयों पर आधारित पुस्तकों का रहेगा संग्रहण*
प्रधानाध्यापक भगवानलाल जाट ने बताया कि पुस्तकालय में विविध विषयों से जुड़ी पुस्तकों का संग्रहण रहेगा। यहां विभिन्न महापुरुषों, समाज सुधारकों, खिलाडिय़ों, क्रांतिकारियों की जीवनियां एवं बालकों के रूचि की, दैनिक जीवन से जुड़े विषयों से सम्बन्धित पुस्तकें उपलब्ध रहेगी। बच्चों के मनोरंजन के लिए पुस्तकालय में भविष्य में कॉमिक्स बुक जोड़ने की भी योजना है।

*बरामदा पुस्तकालय का उद्देश्य*
अध्यापिका सुनिता चौधरी ने बताया कि यह बरामदा पुस्तकालय बच्चो में पुस्तक पढ़ने का स्वभाव एवं रूचि पैदा करने व बच्चों में विश्वास का भाव पैदा करने के उद्देश्य से बनाया जा रहा है। बरामदा पुस्तकालय से बच्चों की पढ़ाई के प्रति रुचि भी बढ़ेगी।

*भामाशाह ने किए पंखे भेंट*
अन्नदान, शिक्षा, मानव सेवा, चिकित्सा व गौ सेवा के उद्देश्य से स्थापित श्रीराम अन्नपूर्णा अन्न क्षेत्र केकड़ी के संचालक गोपाल अग्रवाल ने विद्यालय को ओरिएंट कम्पनी के चार पंखे भेंट किए। इस पर प्रधानाध्यापक भगवानलाल जाट के साथ ही विद्यालय प्रबन्धन समिति के अध्यक्ष शंकरलाल जाट, शिक्षक दिनेश वैष्णव, शारीरिक शिक्षक राजेश कुमार उपाध्याय, अध्यापिका सुनिता चौधरी, रीना कुमारी, कीर्ति परिहार, शबाना बानो ने भी सभी भामाशाहों का आभार व्यक्त किया।

error: Content is protected !!