पुष्कर मेले में महिला सशक्तिकरण एवं गांधी दर्शन की दिखेगी झलक

श्री पुष्कर पशु मेला 2019
महिला सशक्तिकरण एवं गांधी दर्शन की दिखेगी झलक

अजमेर, 14 अक्टूबर। श्री पुष्कर पशु मेला 2019 में गांधी दर्शन एवं स्वयं सहयता समूहों की महिलाओं द्वारा महिला सशक्तिकरण से संबंधित प्रस्तुतियां भी होगी।
जिला कलक्टर श्री विश्व मोहन शर्मा की अध्यक्षता में सोमवार को पुष्कर मेले के कार्यक्रमों के संबंध में बैठक आयोजित हुई। इस बैठक में महात्मा गांधी की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में गांधी दर्शन से संबंधित कार्यक्रम प्रस्तुत करने का निर्णय लिया गया। इसके अन्तर्गत फिल्म लाईब्रेरी में उपलब्ध फिल्मों के प्रदर्शन करने के बारे में चर्चा की गई। साथ ही महिलाओं के द्वारा भी विशेष प्रस्तुतियां प्रदान की जाएगी।
जिला कलक्टर ने कहा कि सम्पूर्ण विश्व महात्मा गांधी की 150वी जयंती मना रहा है। इस अवसर पर उनके व्यक्तित्व, कृतित्व एवं दर्शन से आमजन को लाभान्वित किया जाना चाहिए। इसके लिए उनकी ऑरिजनल फिल्मों को प्रदर्शित किया जाएगा। कलाकारों के द्वारा गांधी जी से संबंधित नाट्य रचना का भी मंचण मुख्य मेला मैदान में किया जाएगा।
राजीविका से जुड़े हुए स्वयं सहायता समूहों की 4 हजार से अधिक महिलाओं के द्वारा महिला सशक्तिकरण का संदेश दिया जाएगा। महिलाओं के द्वारा लोक कलाओं एवं परम्पराओं को प्रदर्शित किया जाएगा। इसमें बाल विवाह और बाल श्रम के खिलाफ काम करने के लिए बिल गेट्स फाउंडेशन से चेंजमेकर अवॉर्ड प्राप्त पायल जांगिड़ अपने विचार व्यक्त करेगी। इसी प्रकार केन्द्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्रालय द्वारा नारी शक्ति पुरस्कार प्राप्त श्रीमती रूमा देवी भी महिला सशक्तिकरण के लिए रूबरू होगी। श्रीमती रूमा देवी ने स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं में कौशल विकसित करके उन्हें आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की थी।
पुष्कर मेले में लोक कलाकारों द्वारा भी अपनी प्रतिभा प्रदर्शित की जाएगी। मरू भूमि जैसलमैर के अन्तर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त लोक कलाकार इसमें भाग लेंगे। इसके साथ ही स्थानीय कलाकारों को भी उभारने के लिए मंच प्रदान किया जाएगा।
इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलक्टर श्री कैलाश चंद लखारा, प्रशिक्षु आईएएस श्रीमती नित्या के, पुष्कर उपखण्ड अधिकारी, पशु पालन विभाग के उप निदेशक डॉ. अजय अरोड़ा एवं ई फैक्टर कम्पनी के प्रतिनिधि एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।

एकीकृत मतदाता सूची का प्रारूप प्रकाशन 25 नवम्बर को
अजमेर, 14 अक्टूबर। मतदाता सूचियों के विशेष संक्षिप्त पुर्नरीक्षण कार्यक्रम तथा मतदाता जागरूकता कार्यक्रम के अन्तर्गत 18 नवम्बर तक मतदाता सत्यापन कार्यक्रम एवं मतदान केन्द्रों के सुव्यवस्थिकरण सहित अन्य पूर्व निरीक्षण गतिविधियां आयोजित की जाएगी। एकीकृत मतदाता सूचियों का प्रारूप प्रकाशन 25 नवम्बर को किया जाएगा। इन सूचियों के संबंध में दावे एवं आपत्तियां 25 नवम्बर से 24 दिसम्बर तक प्राप्त की जाएगी। यह जानकारी उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री कैलाश चंद्र शर्मा ने दी।

निर्वाचन कार्य में लापरवाही बरतने पर तीन बीएलओ निलम्बित
45 बीएलओ को कारण बताओ नोटिस जारी
अजमेर, 14 अक्टूबर। मतदाता सत्यापन कार्यक्रम के दौरान बीएलओ द्वारा मतदाता का सत्यापन कार्य समय पर सम्पादित नही किये जाने से एंव कार्य में प्रगति शून्य रहने व अन्य कारण से तीन बूथ लेवल अधिकारी को तत्काल निलम्बित किया गया। इसके साथ ही मतदाता सत्यापन कार्य नही करने से 45 बीएलओ को भी कारण बताओ नोटिस जारी किया गया । यह जानकारी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण पदाधिकारी अजमेर दक्षिण अर्तिका शुक्ला ने दी।

error: Content is protected !!