पुष्कर मेले में होंगे अनेक रंगारंग कार्यक्रम

सरोवर पूजन से होगा शुभारम्भ
अजमेर, 24 अक्टूबर। अन्तर्राष्ट्रीय पुष्कर मेला 2019 का शुभारम्भ 4 नवम्बर को होगा। मेले का शुभारम्भ प्रातः 9 बजे सरोवर पूजन के साथ होगा। मेले में इस बार अनेक ख्याति प्राप्त कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देकर पर्यटकों एवं श्रृद्धालूओं का मनोरंजन करेंगे। मेले में प्रतिदिन सांय 6 बजे मेला मैदान पर महात्मा गांधी की फिल्म का प्रदर्शन भी होगा।
जिला कलक्टर श्री विश्व मोहन शर्मा की अध्यक्षता में गुरूवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक का आयोजन कर मेले में आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों का निर्धारण किया गया। उन्होंने बताया कि मेला 4 नवम्बर से प्रारम्भ होगा। उस दिन प्रातः 9 बजे घाट पर सरोवर पूजन होगा। मेला मैदान में प्रातः 10 बजे पूजा झण्डरोहण, नगाड़ा वादन, ऊंट सज्जा एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। उसी दिन प्रातः 10.30 बजे माण्डना प्रतियोगिता तथा विभिन्न विद्यालयों की छात्राओं द्वारा समूह नृत्य, चक दे राजस्थान फुटबॉल मैच का आयोजन होगा। इसी दिन सांय 5 बजे शिल्प ग्राम हैझिडक्राफ्ट बाजार का उदघाटन तत्पश्चात पुष्कर सरोवर घाट पर दीपदान, रंगोली, महाआरती एवं पुष्कर अभिषेक के कार्यक्रम होंगे। सांय 7.30 बजे नीरज आर्य कबीर कैफे लाइव म्यूजिक कंसर्ट का आयोजन मेला मैदान पर होगा।
उन्होंने बताया कि 5 नवम्बर को लंगडी टांग, सितौलिया मैच (देशी एवं विदेशी पर्यटक), ऊंट सजावट प्रतियोगिता, ऊंट नृत्य प्रतियोगिता के आयोजन होंगे। सायं को वाईस ऑफ पुष्कर तथा देवेन्द्र शर्मा द्वारा कत्थक की प्रस्तुति होगी। इसी प्रकार 6 नवम्बर को प्रातः कब्ड्डी मैच (देशी एवं विदेशी पर्यटक), घोड़ा नृत्य प्रतियोगिता, दोपहर को पंचायत समिति अन्तर खेलकूद तथा सांय हरी भट्ट का लाइव सितार वादन होगा। इसके पश्चात 7 नवम्बर को प्रातः लगान स्टाइल में क्रिकेट मैच, अन्तर पंचायत समिति ग्रामीण खेलकूद, दोपहर को स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा घूमर नृत्य एवं रूमा देवी एवं पायल जांगिड़ द्वारा बातचीत होगी। सांय महाआरती, मुद्रा थियेटर द्वारा महात्मा गांधी पर कार्यक्रम, स्वयं सहायता समूह द्वारा प्रस्तुति तथा रूमा देवी द्वारा फैशन शो होगा। इसके पश्चात जयपुर कत्थक केन्द्र द्वारा कत्थक नृत्य की प्रस्तुति होगी।
जिला कलक्टर ने बताया कि 8 नवम्बर को प्रातः धार्मिक यात्रा, मूंछ प्रतियोगिता, पगड़ी बांधना एवं तिलक प्रतियोगिता, अन्तर पंचायत समिति खले कूद, गिर एवं क्रास ब्रीड पशु प्रदर्शनी का उद्घाटन, सांय को महाआरती, भजन संध्या, ममे खान लाइव कंसर्ट तथा पूराने रंगजी मन्दिर पर क्लासीकल डांस फेस्टिवल का आयोजन होगा। इसी प्रकार 9 नवम्बर को मटका दौड़, महिलाओं की म्यूजिकल चैयर दौड़, महाआरती, भजन संध्या तथा रवि परमार सिम्फनी आर्केस्ट्रा की प्रस्तुति होगी तथा 10 नवम्बर को मवेशियों की प्रतियोगिता, महाआरती, जयपुर घाट पर भजन संध्या, दुल्हा दुल्हन प्रतियोगिता तथा पश्चिम क्षेत्र सांस्कृतिक केन्द्र उदयपुर द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम होगा।

जिला महिला सहायता समिति की बैठक सम्पन्न
अजमेर, 24 अक्टूबर। जिला महिला सहायता समिति की बैठक गुरूवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुई। महिला अधिकारिता विभाग के उप निदेशक श्री जितेन्द्र शर्मा ने बताया कि महिला सुरक्षा एवं सलाह केन्द्र के लिए 14 नए प्रस्ताव प्राप्त हुए। जिनमे से 4 प्रस्तावों को पात्र माना गया। जिनमे से एक संस्था का महिला सुरक्षा एवं सलाह केन्द्र के लिए चयन किए जाने का निर्णय लिया गया।
बैठक में पुलिस, महिला अधिकारिता, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

error: Content is protected !!