उत्साह के साथ किया मतदान, मतदान केन्द्रों पर लगी रही कतारें
अजमेर, 16 नवम्बर। जिले में ब्यावर, पुष्कर एवं नसीराबाद नगरीय निकायों में शनिवार को हुए मतदान में मतदाताओं ने बढ़चढ़कर हिस्सा लिया। मतदान केन्द्रों पर लम्बी कतारे देखी गई। जिले में सभी जगह मतदान शान्ति पूर्वक रहा।
जिला निर्वाचन अधिकारी श्री विश्व मोहन शर्मा ने बताया कि जिले में तीन नगरीय निकायों के चुनाव सम्पन्न हुए। इनमें ब्यावर की नगर परिषद, पुष्कर एवं नसीराबाद की नगर पालिकाओं में सदस्यों के लिए चुनाव हुए। ब्यावर में कुल एक लाख 6 हजार 640 मतदाता है। इनमें से प्रातः 10 बजे तक 32 प्रतिशत, एक बजे तक 45 प्रतिशत, 3 बजे तक 58.93 प्रतिशत तथा सायं 5 बजे तक 68.85 प्रतिशत मतदान हुआ। पुष्कर नगर पालिका में पंजीकृत मतदाता 14 हजार 791 है। प्रातः 10 बजे तक 23.88 प्रतिशत, एक बजे तक 54.37 प्रतिशत, अपरान्ह 3 बजे तक 71.19 प्रतिशत तथा सांय 5 बजे तक 83.93 प्रतिशत मतदान दर्ज हुआ। इसी प्रकार नसीराबाद में एक हजार 44 पंजीकृत मतदाताओं में से सुबह 10 बजे तक 35.63 प्रतिशत, एक बजे तक 73.95 प्रतिशत, अपरान्ह 3 बजे तक 83.81 प्रतिशत तथा सांय 5 बजे तक 91.67 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
मतदान शांतिपूर्ण सम्पन्न
जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया
अजमेर, 16 नवम्बर। नगरीय निकायों के चुनाव के तहत अजमेर जिले के तीनों निकाय क्षेत्रों में आज शांतिपूर्ण मतदान सम्पन्न हो गया। जिले में कही भी किसी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं हुई।
जिला निर्वाचन अधिकारी श्री विश्व मोहन शर्मा ने शांतिपूर्वक मतदान सम्पन्न होने के लिए ब्यावर, पुष्कर एवं नसीराबाद के सभी मतदाताओं, नागरिकों, मतदान दलों, चुनाव कार्य से जुड़े अधिकारियों, कर्मचारियों, राजनैतिक दलों एवं उम्मीदवारों सहित सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदाताओं की जागरूकता से हुए अच्छे मतदान के लिए भी सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।
बिना सक्षम स्वीकृति के नहीं छोड़े मुख्यालय
अजमेर, 16 नवम्बर। मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत की आगामी 18 नवम्बर की प्रस्तावित यात्रा को ध्यान में रखते हुए समस्त विभागों के जिला स्तरीय अधिकारियों को राजकीय अवकाश दिवसों में मुख्यालय पर उपस्थित रहने के लिए जिला कलक्टर श्री विश्व मोहन शर्मा ने निर्देश प्रदान किए है। अधिकारी सक्षम स्वीकृति प्राप्त होने पर ही मुख्यालय छोड सकेंगे।