प्रगटया खाटू नगरी में बाबा श्याम..

अखंड ज्योत पाठ के साथ फागण महोत्सव प्रारंभ, आज शान से निकलेगी शोभायात्रा
ब्यावर। शहर में फतेहपुरिया चौपड़ स्थित श्री श्याम मंदिर में ग्यारहवां रंगीला फागण महोत्सव गुरुवार को ध्वजारोहण व पूजा-अर्चना के साथ प्रारंभ हुआ। भक्तों ने चौपाइयों के साथ जयकारे लगाते हुए देर शाम तक पाठ किया। सुमित सारस्वत ने बताया कि श्री श्याम परिवार की ओर से आयोजित तीन दिवसीय महोत्सव के तहत गुरुवार को मंदिर प्रमुख सुनील कौशिक, मौनिका कौशिक, गौरव कौशिक, सुनैना कौशिक ने बाबा की पूजा कर महोत्सव का शुभारंभ किया। दोपहर में अखंड ज्योत पाठ हुआ। प्रथम मनाऊं शीश नवाऊं, गणपति के मैं गुण गाऊं.., विद्या देवी है ब्रह्माणी, तुम्हीं शारदा कमला राणी.. स्तुति से पाठ प्रारंभ हुआ। इसके बाद भीमबली तो अहिलवती संग ब्याह रचावे राज.., माता अहिलवती के आंगणिये श्याम लियो अवतार.., प्रगटया खाटू नगरी में बाबा श्याम.., ठाठ है निराले खाटू के दरबार में.. जैसे भजनों पर झूमते हुए बाबा का जन्म उत्सव मनाया गया। बाबा के अवतार पर आधारित पाठ का विराम होने पर विशेष आरती की गई। पाठ में मुकेश गर्ग, श्याम सिंहल, कौशल्या कौशिक, संदीप सिंहल, शकुंतला गर्ग, सुनीता कौशिक, संतोष सिंहल, मदनमोहन शर्मा, अर्चना बंसल, वीणा बंसल, प्रकाश वैष्णव, डिम्पी लांबा, विनेश, पुष्पा अग्रवाल, सुमित सारस्वत, दिलीप खत्री, गौरव गर्ग सहित बड़ी संख्या में श्याम भक्त शामिल हुए।
खाटू नरेश आज करेंगे नगर भ्रमण
शुक्रवार को एकादशी के मौके पर भक्तिमय माहौल में भक्त अपने भगवान को नगर भ्रमण करवाएंगे। प्रातः 8.15 बजे से विशाल कलश व निशान शोभायात्रा का आयोजन होगा। शोभायात्रा में बाबा का रथ, निशान, 151 कलश, भजन मंडली सहित महिला-पुरूष श्रद्धालु शामिल होंगे। यह शोभायात्रा मंदिर से प्रारंभ होकर महादेवजी छत्री, भारत माता सर्किल, पाली बाजार, सरावगी माेहल्ला, भगत चौराहा, अजमेरी गेट, फतेहपुरिया चौपड़ होते हुए पुनः मंदिर पहुंचेगी। मार्ग में जगह-जगह भक्तों द्वारा स्वागत कर बाबा की अगुवानी की जाएगी। दाेपहर सवा एक बजे शीश पूजा व पंचामृत अभिषेक होगा। रात्रि 8 बजे से भजन संध्या होगी। शोभायात्रा के लिए चर्चित मंगल, अशोक गोयल, अंकुर मित्तल, पूर्वेश, संस्कार, मयंक, मनोज व अन्य सदस्यों ने कलश तैयार कर रथ सजाया।

error: Content is protected !!