आज रविवार 8-11-20 को कोविड वार्ड में शॉर्ट सर्किट के धुएँ से कुछ पेशंट्स की मौत की सूचना मिलने पर आम आदमी पार्टी कार्यकर्ता पुनः संभाग के सब से बड़े अस्पताल जवाहरलाल नेहरू अस्पताल पहुँचे।
सर्वप्रथम अस्पताल अधीक्षक डॉक्टर अनिल जैन से सम्पर्क कर कोविड 19 मेडिकल आईसीयू में हुए शॉर्ट सर्किट के कारण हुए धुएँ से हुई दो अथवा तीन व्यक्तियों की मौत पर जानकारी ली गयी। उन्होंने इन मौत का शॉर्ट सर्किट से कोई सम्बन्ध ना होना बताया। अस्पताल प्रशासन का ये मानना है कि पेशंट की मौत व शॉर्ट सर्किट के धुएँ का परस्पर कोई सम्बन्ध नहीं है। इस पर पार्टी द्वारा उन सीसीटीवी फ़ुटेज की माँग की गयी जिस से अस्पताल प्रशासन के दावे को बल मिल सके पर वे उस वार्ड में सीसीटीवी होने से अनभिज्ञ थे।
तत्पश्चात् आम आदमी पार्टी का प्रतिनिधिमण्डल पास में हो रही कोविड जाँच केंद्र गया और सच्चाई देख कर हतप्रभ रह गया। कोविड टेस्ट की वोईल कचरा पात्र पर पड़ी थीं , डॉक्टर बिना किट पहने बाहर बरामदे में टेस्ट कर रहे थे , उन के पास बैठने को कुर्सी तक नहीं थीं , लोगों की भीड़ थी , कोई फ़िज़िकल डिस्टन्सिंग की पालना नहीं हो रही थी।
फिर कोविड वार्ड के दौरे में वार्ड के अंदर महिला शक्ति प्रदेश अध्यक्ष कीर्ति पाठक व यूथ ज़िलाध्यक्ष राजवीर सिंह गए। डॉक्टर व नर्सिंग स्टाफ़ अपनी डयूटी पर थे पर संख्या कम थी , व्यवस्था लचर थी , पेशंट के अट्टेंडेंट बिना पीपीई किट पहने थे , धोबी व अन्य लोग बिना किट के अंदर जा रहे थे , सफ़ाई व्यवस्था माकूल नहीं थी।
कीर्ति पाठक ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा जनता के टैक्स व दान के पैसों से ख़रीदे गए किट पेशंट के अट्टेंडेंट को नहीं दिया जा रहे हैं और अशोक गहलोत सरकार का ये पक्षपात पूर्ण रवैया उन के इन दावों की पोल खोलता है कि सरकार कोविड के प्रति संवेदनशील है , साथ ही इस घोर अव्यवस्था के बीच आम आदमी कब तक भुगतता रहेगा और अपनी जाने गँवाता रहेगा।उन्होंने सरकार को कोविड पेशंट्स के लिए डिस्पोज़बल बेडिंग की व्यवस्था का सुझाव दिया जिस से कि इस संक्रमण का ख़तरा वार्ड के बाहर ना जाए व पेशंट की बेडिंग को भली प्रकार डिस्पोज़ ऑफ़ किया जा सके।
मेल मेडिकल आईसीयू 104 में टोयलेट गंदगी से भरे हुए थे।
आईसीयू में कोई भी व्यवस्था नहीं थी , कोई भी अंदर आ जा रहा था और सब से बड़ी बात वहाँ ड्युटी डॉक्टर स्वयं किसी भी प्रकार का कोई प्रिकॉशन नहीं लिए हुए थे।
आप के प्रतिनिधि मंडल में ज़िला सचिव चंदर बालानी , महिला शक्ति ज़िलाध्यक्ष पूजा तोलवानी , ज़िला उपाध्यक्ष आफ़ाक अली, प्रीतम कुमार , घनश्याम चौहान व ऋचा मैठाणी शामिल थे।