डीजल पेट्रोल एवं रसोई गैस की कीमतों में बढ़ोतरी की कड़ी निंदा

अजमेर । अजमेर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के निवर्तमान महासचिव शिव कुमार बंसल महेश चौहान अशोक बिंदल सचिव सागर मीणा ने केंद्र सरकार द्वारा डीजल पेट्रोल और रसोई गैस के दामों में बढ़ोतरी की कड़े शब्दों में निंदा की है !

कांग्रेसियों ने एक प्रेस वक्तव्य जारी कर बताया कि कोरोना महामारी के दौर में केंद्र सरकार द्वारा डीजल, पेट्रोल और रसोई गैस के दामों में बढ़ोत्तरी करना आम आदमी के साथ विश्वासघात है। यूपीए सरकार के दौरान अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें 120 डॉलर प्रति बैरल थीं लेकिन पेट्रोल, डीजल के दाम 70 रुपये प्रति लीटर थे। केंद्र की भ्रष्ट मोदी सरकार के दौर में अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत 50 डॉलर प्रति बैरल से भी कम पहुंच गई है लेकिन मोदी सरकार डीजल, पेट्रोल के दाम लगातार बढ़ा रही ही है। जब किसी राज्य में चुनाव होते हैं तो केंद्र सरकार डीजल, पेट्रोल के दामों को स्थिर कर देती है लेकिन चुनाव खत्म होते ही पुन: दाम बढ़ा देती है।

उन्होंने बताया कि रसोई गैस के दामों में 50 रुपये की बढ़ोत्तरी कर मोदी सरकार ने आमजन का बजट बिगाड़ दिया है। केंद्र सरकार द्वारा रसोई गैस सब्सिडी को खत्म कर दी है जिससे उज्ज्वला योजना में कनेक्शन पाने वाले गरीब लोग भी अपना सिलेंडर रिफिल नहीं करा पा रहे हैं।

कांग्रेसी नेताओं ने कहा कि कोरोना काल में जब सरकार को लोगों की मदद करनी चाहिये थी तब मोदी सरकार लोगों को महंगाई के बोझ तले दबा रही है। केंद्र सरकार को कच्चे तेल की कम कीमत का फायदा आमजन को देने के लिये डीजल, पेट्रोल और रसोई गैस के दाम कम करने चाहिये।

अजमेर शहर जिला कांग्रेस कमेटी अन्य पिछड़ा प्रकोष्ठ के संयोजक मामराज सेन वरिष्ठ कांग्रेसी नेता राजेंद्र गोयल डॉ सुरेश गर्ग डॉ संजय पुरोहित नरेंद्र तुनवाल तुषार यादव पार्षद गणेश चौहान दुर्गा प्रसाद कश्यप ने भी केंद्र सरकार द्वारा डीजल पेट्रोल और रसोई गैस के दामों में बढ़ोतरी की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए केंद्र सरकार से पेट्रोलियम पदार्थों के दाम कम कर जनता को राहत देने की मांग की है।

error: Content is protected !!