अजमेर, 19 जनवरी।
पूर्व शिक्षा मंत्री एवं विधायक वासुदेव देवनानी ने कहा कि नगर निगम अजमेर के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी का लक्ष्य मिशन 60 से बढ़कर अब मिशन 70 हो गया है। अजमेर के 80 वार्डो में से 6 वार्डो में कांग्रेस अपने प्रत्याशी ही नहीं उतार सकी है जबकि भाजपा ने 80 में से 70 वार्ड जीतने का लक्ष्य रखा है।
देवनानी ने सोमवार को अजमेर उत्तर विधान सभा क्षेत्र के वार्डो में भाजपा प्रत्याशियों के चुनाव कार्यालयों के उद्घाटन के अवसर पर उपस्थित कार्यकर्ताओं व क्षेत्रवासियों को सम्बोधित करते हुए कहा कि प्रदेश की गहलोत सरकार दो साल से अंदरूनी खींचतान में उलझी हुई है जिससे क्षेत्र में विकास पूरी तरह अवरूद्ध हो गया है वहीं सरकार की जनविरोधी नीतियों के कारण आमजन त्रस्त हो चुका है। कांग्रेस ने विधान सभा चुनाव में बिजली की दरों में वृद्धि नहीं करने का वादा किया था परन्तु दो साल में चार से पांच बार कभी फ्यूल चार्ज, कभी स्थाई शुल्क तो कभी सरचार्ज के रूप में बढोतरी कर जनता पर भारी आर्थिक बोझ लाद दिया। लाॅकडाउन की अवधि का स्थाई शुल्क तक माफ नहीं किया। उन्होंने कहा कि जनता राज्य सरकार की जनविरोधी नीतियों का हिसाब निगम चुनाव में जरूर चुकता करेगी।
देवनानी ने मंगलवार को वार्ड 71 से भाजपा प्रत्याशी रमेश सोनी, वार्ड 74 से भाजपा प्रत्याशी रूबी जैन, वार्ड 72 से गोपाल शर्मा, वार्ड 15 से किशन बालानी, वार्ड 6 से सुरेश नवाल तथा वार्ड 73 से भाजपा प्रत्याशी प्रियंका सांखला के चुनाव कार्यालय का उद्घाटन किया। इस अवसर पर निवर्तमान महापौर धर्मेन्द्र गहलोत, सीताराम शर्मा, राजकुमार ललवानी, राजेश शर्मा, आनन्द सिंह राजावत, नीरज जैन, कमलेश शर्मा, मुकेश सोनी सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता व क्षेत्रवासी उपस्थित थे।