विपक्ष फैला रहा पार्षदों में नाराजगी की अफवाहें—शक्तावत

केकड़ी 6 फरवरी (पवन राठी)
केकड़ी नगरपालिका अध्यक्ष पद का चुनाव कल रविवार को होना है। दोनों दल कांग्रेस व भाजपा के नव निर्वाचित पार्षद मतदान के लिए तैयार हैं। हालांकि पालिकाध्यक्ष पद के लिए मतदान केवल औपचारिकता पूरी करनी है। कांग्रेस के पास कुल 40 में से दो निर्दलीयों सहित 23 का बहुमत है वहीं भाजपा के पास 17 पार्षद हैं। कांग्रेस ने पालिकाध्यक्ष पद के लिए कमलेश साहू को उम्मीदवार बनाया है जबकि भाजपा ने मिश्रीलाल डसाणिया को उम्मीदवार घोषित किया है। कांग्रेस जहां अपने 23 के आंकड़े को लेकर निश्चिंत है वहीं भाजपा अल्पमत में होने के बावजूद कांग्रेस के नाराज पार्षदों द्वारा क्रॉस वोटिंग की आशंका के चलते पालिका अध्यक्ष का ख्वाब देख रही है। मतगणना के दिन से ही दोनों ओर के पार्षद बाड़ेबंदी में हैं। स्पष्ट बहुमत के आधार पर कांग्रेस के कमलेश साहू का पालिकाध्यक्ष बनना लगभग तय माना जा रहा है। वहीं उपाध्यक्ष पद के लिए कांग्रेस बहुमत के आधार पर निश्चिंत है तो भाजपा कांग्रेस के नाराज पार्षदों की क्रॉस वोटिंग की संभावना में अपनी जीत तलाश रही है। कांग्रेस नेता ब्लॉक अध्यक्ष शैलेन्द्र सिंह शक्तावत का कहना है कि केकड़ी शहर के मतदाताओं ने विकास के मुद्दे पर मोहर लगाकर कांग्रेस को स्प्ष्ट बहुमत दिया है, वहीं दो निर्दलीयों ने कांग्रेस को समर्थन दिया है। शक्तावत ने कहा कि बहुमत के आधार कांग्रेस के पालिकाध्यक्ष व उपाध्यक्ष बन रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस एकजुट है और किसी पार्षद की कोई नाराजगी नहीं है, विपक्ष झूठी अफवाह उड़ा रहा है। कांग्रेस के सभी पार्षदों से सलाह मशविरा करके ही हमारे नेता चिकित्सा मंत्री डॉ रघु शर्मा ने पालिकाध्यक्ष पद के लिए कमलेश साहू को उम्मीदवार बनाया है, उन्होंने कहा कि उपाध्यक्ष पद पर भी सभी पार्षदों की सलाह से नाम तय किया जाएगा। शक्तावत ने कहा कि भाजपा अपनी हार को नहीं पचा पा रही है इसलिए मनगढ़ंत आरोप लगा कर प्रशासन पर दबाव बनाने का प्रयास कर रही है। इससे भाजपा को कुछ हासिल होने वाला नहीं, बल्कि भाजपा के पार्षद टूट सकते हैं। भाजपा को उसकी आपसी लड़ाई व गुटबाजी परेशान किये हुए है उसके बावजूद भाजपा के नेता मुंगेरीलाल के हसीन सपने देख रहे हैं जो हास्यास्पद है। शैलेन्द्र सिंह शक्तावत ने कहा कि केकड़ी शहर के मतदाताओं ने कांग्रेस को स्प्ष्ट बहुमत दिया है इस जनादेश को भाजपा को भी स्वीकार कर लेना चाहिए। अगर फिर भी भाजपा को झूठे सपने देखने का शौक है तो वह देखे उसे कौन रोकने वाला है। शक्तावत ने कहा कि एक लंबे अन्तराल के बाद केकड़ी में कांग्रेस को स्प्ष्ट बहुमत मिला है। इसके लिए कार्यकर्ताओं की मेहनत व कांग्रेस नेता डॉ रघु शर्मा पर मतदाताओं का विश्वास है। मतदाताओं ने शहर के सर्वागीण विकास के मुद्दे पर डॉ रघु शर्मा पर विश्वास जताकर कांग्रेस को स्प्ष्ट बहुमत दिया है। शक्तावत ने कहा कि अब शहर का सर्वागीण विकास होगा वो भी ऐतिहासिक।

error: Content is protected !!