सात दिवस में सुधारे पेयजल व्यवस्था: देवनानी

अजमेर, 8 अप्रेल। विधायक अजमेर उत्तर वासुदेव देवनानी ने जलदाय विभाग के अधीक्षण अभियंता सीएल जाटव को चेतावनी दी है कि सात दिवस में क्षेत्र की पेयजल व्यवस्था नहीं सुधारी गई तो आंदोलन खड़ा किया जाएगा।
देवनानी ने गुरूवार को भाजपा पार्षदों व कार्यकर्ताओं के साथ जलदाय विभाग के अधिकारियों को ज्ञापन देकर इस बात पर गहरी नाराजगी जताई कि गर्मी का मौसम प्रारम्भ होने के साथ ही क्षेत्र में पेयजल सप्लाई का अन्तराल 48 से बढ़ाकर 72 से 96 घण्टें तक का हो गया है। इतने लम्बे अन्तराल के बाद भी अपर्याप्त मात्रा व न्यून प्रेशर के साथ पेयजल सप्लाई दी जाती है जिससे गर्मी के मौसम में जनता को पीने का पानी भी नसीब नहीं हो पा रहा है जबकि विगत भाजपा सरकार ने 24 घण्टें के अंतराल में पानी की सप्लाई शुरू करने के लिए 90 करोड़ रूपये स्वीकृत किये थे, स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट से भी राशि दी गई परन्तु हालात बद से बदतर होते जा रहे है। उन्होंने कहा कि इन हालातों में अजमेर कैसे बन सकेगा स्मार्ट सिटी।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि तत्काल जरूरी कदम उठाते हुए पेयजल वितरण व्यवस्था में सुधार किया जाए। देवनानी ने कहा कि इसके लिए सबसे पहले समस्त क्षेत्रों में पेयजल सप्लाई का निर्धारित शिड्यूल जारी किया जाए तथा उसके अनुसार ही नियत समय पर पानी की सप्लाई की जाए। क्षेत्र में बड़ी संख्या में हेण्डपम्प खराब पड़े है जिन्हें जल्दी से जल्दी ठीक कराया जाए। पाईप लाईन में कहीं पर भी कोई लीकेज है तो उसे तुरन्त ठीक किया जाए जिससे पानी की बर्बादी रोकी जा सके। इसके साथ ही अन्तिम छोर पर स्थित बस्तियों सहित सम्पूर्ण क्षेत्र में 48 घण्टें के अंतराल से नियत समय पर पूर्व में निर्धारित मात्रानुसार पानी की सप्लाई की जाए। देवनानी ने इस बात पर भी जोर दिया कि जलदाय विभाग का यह बहाना नहीं माना जाएगा कि अंतिम छोर के लिए पानी की कमी रह गई। अधिकारी यह सुनिश्चित करे कि अंतिम छोर पर भी पूरा पानी दिया जा सके।
देवनानी ने अधिकारियों पर नाराजगी प्रकट करते हुए विभाग के एक सहायक अभियंता का विडियों भी दिखाया जिसमें वे यह स्वीकार कर रहे है कि उनके क्षेत्र में 135 घण्टें के अंतराल से आपूर्ति की जा रही है। इसके अतिरिक्त कई क्षेत्रों में गन्दे पानी की सप्लाई भी हो रही है जिसके साक्ष्य के रूप में विडियों क्लिप दिखाई गई। दौलतबाग पम्पिंग स्टेशन से होली के दिन से लगातार हजरों गैलन पानी सड़क पर बह रहा है। कई बार स्मरण दिलाने के बाद भी आज तक उसे ठीक नहीं कराया गया है।
देवनानी ने जलदाय विभाग के अधिकारियों पर यह आरोप लगाया कि उनकी लापरवाही व कुप्रबंधन के कारण उनके विधान सभा क्षेत्र की जनता गर्मी के मौसम में पिछले एक पखवाड़ें से भी अधिक समय से पेयजल के गंभीर संकट का सामना कर रही है। ना तो जनता को निर्धारित समय पर पानी दिया जा रहा है और ना ही नियत अंतराल व निर्धारित मात्रा में पानी दिया जा रहा है। क्षेत्र में स्थित हेण्डपम्प भी खराब पड़े है लेकिन उनको सुधारा नहीं जा रहा। लाईनों के लीकेज से हजारों लीटर पानी व्यर्थ बह रहा है।
इन क्षेत्रों में है पेयजल का अधिक संकट – क्रिश्चयनगंज, शान्तिपुरा, राजीव काॅलोनी, आंतेड़, छतरी योजना, वैशालीनगर, अशोक विहार, अपना नगर, सागर विहार, सेक्टर-3, दयानन्द काॅलोनी, अम्बे विहार, ज्ञान विहार, मोती विहार, पंचशील, जीवनदीप काॅलोनी, जम्भेश्वर नगर, अभियंता नगर, किसान काॅलोनी, ईदगाह रोड, अलखनन्दा काॅलोनी, आरपीएससी काॅलोनी, मित्र नगर, कुंदन नगर शिव काॅलोनी, प्रतापनगर, पीलीखान, जेलर गली, गणेशगढ बस्ती, रावण बगीची रोड, मसूदा नाडी, चटाई मौहल्ला, ब्ल्यू केसल, टीकमगंज, चांद बावड़ी रोड, हेडा गली, खटीक बस्ती, रघुनाथ जी गली, छीपा गली, नागफणी खटीक बस्ती गली नं.2, 4, बाबूगढ कोली बस्ती, रेगर मौहल्ला कमला बावड़ी, खजाना गली, राजाओं की गली, बक्शी जी की कोठी, लौंगिया मौहल्ला बड़वाली गली, नागफणी रोड, सिसोदिया काॅलोनी, कोटडा बंजारा बस्ती, रावतों का मौहल्ला, दादीधाम मार्ग दयानन्द काॅलोनी, शिव नगर, श्याम नगर, नगीना बाग, रेम्बुल रोड, पुलिस लाईन, जवाहर नगर, सिविल लाईन्स आदि।
इस दौरान भाजपा शहर जिला महामंत्री व पार्षद रमेश सोनी, मंत्री राजेश शर्मा व राजकुमार ललवानी, मंडल अध्यक्ष प्रकाश बंसल, महामंत्री अनिल नरवाल तथा पार्षद मनोज मामनानी, प्रतिभा पाराशर, सुभाष जाटव, अंजलि ढंजा, हेमलता बंसल, भारती श्रीवास्तव, जे.के. शर्मा, राजेन्द्रसिंह राठौड, के.के. त्रिपाठी, अशोक मुदगल, प्रियंका सांखला व अन्य भाजपा कार्यकर्ता देवनानी ने साथ थे।

error: Content is protected !!