पार्षदों व पालिकाध्यक्ष के बीच नोकझोंक व हॉट टॉक

पालिकाध्यक्ष साहू ने दिया आश्वासन- भाजपा पार्षदों के वार्डों में कार्यो के लिए भी मंगलवार तक टेंडर प्रक्रिया शुरू, भेदभाव के आरोप को बताया निराधार
————————-
केकड़ी 10 जून(पवन राठी)
शहर के भाजपा पार्षदों के वार्डों में विकास कार्य सड़क, नाली निर्माण व मरम्मत के कार्यों सहित साफ सफाई में भेदभाव का आरोप लगाते हुए आज एक बार फिर भाजपा पार्षदों ने पालिकाध्यक्ष कमलेश साहू को घेरने की कोशिश की। इस दौरान भाजपा पार्षदों व पालिकाध्यक्ष के बीच हल्की नोंकझोंक व हॉट टाक भी हुई। पालिका के नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र चौधरी के नेतृत्व में भाजपा पार्षदों ने पालिकाध्यक्ष साहू को भाजपा पार्षदों के वार्डों हो रहे भेदभाव का आरोप लगाते हुए खरी-खरी सुनाई व उनके वार्डों में विकास कार्य शुरू करने की बात दोहराई। भाजपा पार्षद मनोज जाखड़ ने तो सफाई व्यवस्था सुचारू नहीं होने, सफाई कर्मचारियों द्वारा दूसरी जगह का कचरा उनके वार्ड में डालने व उनके वार्ड के साथ भेदभाव किये जाने जैसे गम्भीर आरोप लगाये। बातचीत के दौरान वे आवेश में आ गए और उनकी पालिकाध्यक्ष से हॉट टॉक हो गई। उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी कुछ दिनों पूर्व भाजपा पार्षदों ने नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र चौधरी की अगुवाई में प्रदर्शन करते हुए भाजपा पार्षदों के वार्डों में विकास नहीं कराने व केवल कांग्रेस पार्षदों के वार्डों में ही काम कराने का आरोप लगाया था। उस दौरान पालिकाध्यक्ष व पालिका के अधिशाषी अधिकारी ने भाजपा पार्षदों को बिना भेदभाव करे सभी वार्डों में विकास कार्य कराने का आश्वासन दिया था, लेकिन कांग्रेस के वार्डों में तो सड़क, नाली निर्माण कार्यों के टेंडर हो गए मगर भाजपा के वार्डों में लोग विकास तो दूर साफ सफाई के लिए तरस रहे हैं। नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र चौधरी ने बताया कि भाजपा के सभी 17 वार्डों में कांग्रेस बोर्ड द्वारा भेदभाव किया जा रहा है जिसके चलते न तो विकास कार्य व मरम्मत के कार्य हो रहे हैं और न ही वार्डों में साफ सफाई ठीक ढंग से की जा रही है। नेता प्रतिपक्ष चौधरी ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार की और से वार्डों में गरीब परिवारों के लिए आये राशन सामग्री के किटों के वितरण में भी भेदभाव किया जा रहा है। पहले तो भाजपा पार्षदों से 20-20 गरीब परिवारों की सूची मांगी गई जब उपलब्ध करा दी गई तो अब राशन सामग्री के किट भाजपा पार्षदों के जरिये नहीं देकर जो कांग्रेस के पार्षद उम्मीदवार थे उनके जरिए वितरित की गई है। चौधरी का आरोप है कि वार्ड के जीते हुए भाजपा पार्षद के जरिए गरीब परिवारों को राशन सामग्री किट न बंटवा कर कांग्रेस के हारे हुए उम्मीदवार के जरिये राशन किट बंटवाये जा रहे हैं। कांग्रेस यहाँ भी भेदभाव करने से बाज नहीं आई। राजेन्द्र चौधरी ने बताया कि पालिका प्रशासन द्वारा हर बात में भाजपा पार्षदों के साथ भेदभाव किया जा रहा है। यहां तक कि भाजपा पार्षद अगर वार्ड का कोई काम बताता है तो वो काम भी नहीं होता जबकि हारे हुए कांग्रेस पार्षद उम्मीदवार द्वारा बताए गए काम हो रहे हैं। चौधरी ने बताया कि पालिकाध्यक्ष साहू ने व पालिका के अधिशाषी अधिकारी ने आश्वस्त किया है कि मंगलवार तक भाजपा पार्षदों के वार्डों में भी विकास कार्यों के लिए टेंडर आमंत्रित कर दिए जाएंगे। इधर पालिकाध्यक्ष कमलेश साहू का कहना है कि भेदभाव का आरोप निराधार है। शहर के सभी वार्डों में सफाई अभियान चल रहा है वहीं हर वार्ड में विकास कार्य होने हैं, कुछ वार्डों में सड़क व नाली निर्माण कार्यों के लिए टेंडर हो चुके हैं शेष बचे वार्डों के लिए भी टेंडर सोमवार-मंगलवार तक जारी कर दिए जाएंगे। वहीं राशन सामग्री किट वितरण के मामले में उन्होंने कहा कि चिकित्सा मंत्री डॉ रघु शर्मा द्वारा उपलब्ध कराए गए राशन किट बीएलओ के सर्वे के अनुसार हर वार्ड से दस-दस गरीब परिवारों को उपलब्ध कराए गए हैं, ये किट पार्षदों के जरिए नहीं दिए गए हैं।

error: Content is protected !!