
कांग्रेस सरकार के तीन साल पूरे होने पर देवनानी ने शनिवार को जारी बयान में कहा कि कांग्रेस अपनी सरकार की एक भी उपलब्धि नहीं होने के बावजूद जश्न मना रही है,जबकि कांग्रेस सरकार प्रायश्चित करे । जनता को अभी तक यह समझ में नहीं आ रहा है कि कांग्रेस और उसकी सरकार किस बात का जश्न मना रही है। देवनानी ने कहा कि कांग्रेस ने पिछले विधानसभा चुनाव में जनता को सस्ती बिजली देने, पेयजल संकट से जनता को निजात दिलाने, महंगाई पर लगाम लगाने, युवाओं को नौकरी देने, बेरोजगारों को रोजगार भत्ता देने, महिलाओं पर अत्याचार की रोकथाम करने, कानून व्यवस्था में सुधार करने जैसे वादे किए थे, लेकिन इनमें से एक भी आज तक पूरा नहीं किया है। महंगाई बेतहाशा बढ़ रही है। पेट्रोल, डीजल व रसोई गैस सिलेंडर पर वैट उतना कम नहीं किया गया है जितना होना चाहिए। अन्य प्रदेशों के मुकाबले राजस्थान में वैट ज्यादा होने से इन तीनों चीजों के दाम बहुत ज्यादा हैं। कानून व्यवस्था पूरी तरह चैपट हो गई है। अपराधों का ग्राफ दिनों दिन बढ़ता जा रहा है। महिलाओं पर अत्याचार भी तेजी से बढ़ रहे हैं। मासूम बच्चियों के साथ बलात्कार की घटनाएं आए दिन सामने आ रही हैं। एक भी बेरोजगार को इस सरकार ने नौकरी नहीं दी है। जो नौकरियां दी गई हैं, उनकी भर्ती प्रक्रिया भी पूर्ववर्ती भाजपा सरकार के कार्यकाल में शुरू की गई थी। कांग्रेस सरकार ने बेरोजगारों को बेरोजगार भत्ता देने के नाम पर केवल युवाओं को छला है। प्रदेश में केवल वही विकास कार्य चल रहे हैं या पूरे हो रहे हैं जो भाजपा के शासनकाल में शुरू हुए थे। बड़े शहरों में स्मार्टसिटी योजना के तहत केंद्र सरकार से मिल रहे धन से कार्य कराए जा रहे हैं जिन्हें कांग्रेस सरकार अपने खाते में बताकर जनता को गुमराह कर रही है।
उन्होंने कहा कि पेट्रोल-डीजल पर वैट जितना कम करना चाहिए था, उतना नहीं किया। यही कारण है कि देश के अन्य राज्यों के मुकाबले राजस्थान में पेट्रोल-डीजल बहुत ज्यादा महंगा है और इसी कारण प्रदेश में महंगाई तेजी से बढ़ रही है।
देवनानी ने कहा कि राज्य में महिलाओं पर अत्याचार और अपराध में तेजी से बढ़ोतरी हुई है। महिलाओं पर होने वाले अत्याचार और अपराध में प्रदेश का ग्राफ अन्य राज्यों के मुकाबले बहुत ज्यादा है। महिलाएं असुरक्षित महसूस कर रही हैं। ऐसा लगता ही नहीं है कि राजस्थान में सरकार नाम की कोई चीज है। उन्होंने कहा कि इसी प्रकार कांग्रेस सरकार ने बेरोजगारों के साथ विश्वासघात किया है। सरकार ने ना तो बेरोजगारों को रोजगार दिया और ना ही बेरोजगारी भत्ता दिया है। इससे बेरोजगार अपने आपको ठगा-सा महसूस कर रहे हैं।
देवनानी ने कहा कि अधिकांश योजनाएं केंद्र सरकार द्वारा चलाई जा रही हैं, जिन्हें भी कांग्रेस सरकार तो अपनी बता कर झूठी वाहवाही लूट रही है। इस सरकार ने पिछले तीन साल में केवल पूर्ववर्ती भाजपा सरकार द्वारा शुरू की गई योजनाओं के नाम बदलने का काम बखूबी किया है। इसके अलावा इस सरकार ने जनता के लिए एक भी काम नहीं किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार की उल्टी गिनती शुरू हो गई है। अब जनता किसी भी भुलावे में नहीं आएगी और वर्ष 2023 में होने वाले विधानसभा चुनाव में जनता कांग्रेस का सूपड़ा साफ कर देगी।