कांग्रेस हिन्दू और हिन्दुत्व में भेद कर देश व समाज को बांटने का काम कर रही है-देवनानी

प्रो. वासुदेव देवनानी
अजमेर, 29 दिसंबर। पूर्व शिक्षा मंत्री व विधायक अजमेर उत्तर वासुदेव देवनानी ने कहा है कि कांग्रेस हिन्दू और हिन्दुत्व में भेद कर देश व समाज को बांटने का काम कर रही है। सुप्रीम कोर्ट भी मान चुका है कि हिन्दुत्व जीवन जीने की शैली है, लेकिन देश की सबसे बड़ी अदालत की इस राय से भी कांग्रेस और उसके नेताओं को कोई सरोकार नहीं है और वह कोर्ट का अपमान करने से भी नहीं चूक रहे हैं। कांग्रेस तुष्टिकरण की नीति अपनाकर देश का एक बार विभाजन करने के बाद भी अपनी दोगली नीतियों से बाज नहीं आ रही है और फिर से देश को तोड़ने पर उतारू है।
देवनानी ने मंगलवार को जारी बयान में कहा कि राहुल गांधी ने 12 दिसंबर को जयपुर रैली में हिन्दू और हिन्दुत्व की अपने तरह से अलग-अलग और गलत व्याख्या की थी। उन्होंने इसकी पुनरावृत्ति मंगलवार को कांग्रेस के प्रशिक्षण शिविर के समापन सत्र को वर्चुअल तरीके से संबोधित करते हुए की। देवनानी ने गांधी के इसी बयान पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि हिन्दू और हिन्दुत्व में भेद करने का सीधा-सा मतलब है, देश और समाज को बांटना। लेकिन कांग्रेस को इसकी जरा-सी भी परवाह नहीं है। वह यह नहीं सोच रही है कि यदि उसकी इसी नीति के कारण एक बार फिर देश और समाज बंट गया, तो आगे हमारा भविष्य क्या होगा। उन्होंने कहा कि गांधी और गहलोत को सारी खामियां सिर्फ हिन्दुत्व में ही नजर आती हैं। हिन्दुत्व में विश्वास रखने वाला ही हिन्दू है। देश के प्रमुख साधु-संत और धर्माचार्य हिन्दुत्व के साथ खड़े हैं। ऐसे धर्माचार्यों का आशीर्वाद हिंदुत्ववादियों के साथ है और रहेगा।
देवनानी ने कहा कि दरअसल कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी और राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को हिन्दू व हिन्दुत्व के बारे में कोई ज्ञान नहीं है, इसके बावजूद हिन्दू और हिन्दुत्व के बारे में लगातार अनर्गल बयान दिए जा रहे हैं। हिन्दुत्व ना केवल हमारी सनातन संस्कृति का एक अहम् हिस्सा है, बल्कि हमारी जीवन जीने की शैली और हमारा दर्शन है। हिन्दुत्व और हिन्दू संस्कृति हमें जीने की कला के साथ सभ्यता और शालीनता सिखाती है।
देवनानी ने कहा कि गांधी और गहलोत लगातार यह साबित करने का कुत्सित प्रयास कर रहे हैं कि हिन्दुत्ववादी हिंसक हैं। गहलोत अपने आकाओं को खुश करने के लिए हिंदुत्ववादियों को नकली हिन्दू बता रहे हैं। उन्होंने कहा कि हिंदुत्व को हिंसा से जोड़कर कांग्रेस देश में खतरनाक खेल खेल रही है। कांग्रेस को हिंदुत्व में तो हिंसा नजर आती है, लेकिन मुस्लिम नेता असदुद्दीन ओवैसी के देश विरोधी बयानों पर कांग्रेस का एक भी नेता मुंह नहीं खोलता है। यदि राहुल गांधी, अशोक गहलोत सहित कांग्रेस के नेताओं में दम है, तो वे ओवैसी के देश विरोधी बयानों की निंदा करें। ओवैसी की तरह ही कई मुस्लिम नेता देश विरोधी बयान दे रहे हैं, लेकिन कांग्रेस और उसके नेता चुप्पी साधे बैठे हुए हैं।

error: Content is protected !!