अजमेर, 3 जनवरी, 2022। राजस्थान लोक सेवा आयोग अध्यक्ष डॉ शिव सिंह राठौड़ ने कहा कि नव वर्ष के स्वागत का सही अर्थ यह है की इस दिन हम सब एक नये उमंग के साथ एक नई शुरुआत करने का संकल्प लें। यह वह समय है जब हम चुनौतियों का समाधान तलाशें। यह वह समय है जब हम लोग संकल्पित हों, आयोग एवं स्वयं की सफलता के लिए नवीन लक्ष्यों का निर्धारण करें। इस दिन हर व्यक्ति के मन में एक सकारात्मक भावना की लहर होती है। यह दिवस स्वर्णिम आरंभ का अवसर है।
डाॅ..राठौड सोमवार को आयोग परिसर में आयोजित नव वर्ष स्वागत समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने नव वर्ष पर सभी कार्मिकों का स्वागत करते हुए कहा कि आयोग द्वारा 76 परीक्षाओं का कैलेंडर स्थापना दिवस समारोह के दौरान घोषित किया गया है। नव वर्ष में हम सभी दृंढ संकल्प लें कि समयबद्ध रूप से कार्य करते हुए नियत किए गए समय पर परीक्षाओं का सफल आयोजन कराएंगे।
डाॅ..राठौड़ ने स्थापना दिवस के सफल आयोजन के लिए सभी कार्मिकों को बधाई देते हुए कहा कि संस्था के सफल व भव्य आयोजन में सभी कार्मिकों का अतुलनीय योगदान रहा। आप सभी ने सिद्ध किया है कि आयोग एक परिवार है। जो किसी भी चुनौती का सामना करने में पूर्णतः सक्षम है। उन्होंने कहा कि आयोग के द्वारा किए जा रहे नवाचारों व आयोजनों की मुख्यमंत्री महोदय के द्वारा भी सराहना की गई है। यह सभी के संयुक्त प्रयासों का प्रतिफल है। नव वर्ष में हम सभी और कठोर परिश्रम करें एवं प्रयास करें की देश-प्रदेश में आयोग की साख में निरंतर अभिवृद्धि होती रहे।
डाॅ..राठौड़ ने कहा कि नव वर्ष के लिए संकल्प अवश्य लें। यह संकल्प आपको पूरे वर्ष उर्जावान रखेगा व आप सभी लक्ष्यों को नए साल में पूरा कर पाएंगे। उन्होंने नव वर्ष के प्रथम कार्य दिवस पर सभी अधिकारियों व कर्मचारियों को शुभकामनाएं भी दी।
सदस्य डाॅ. मंजू शर्मा ने नव वर्ष की शुभकामनाएं देते हुए कोविड गाइडलाइन की पालना करने का संदेश दिया। इस अवसर पर सदस्य श्री जसवंत राठी ने कहा कि आयोग कार्मिकों ने अपने कौशल व समर्पण से कार्य कर हर बाधा को पार किया है। नव वर्ष में भी आयोग की प्रतिष्ठा व गरिमा में वृद्धि हो इसका प्रयास हम सभी को करना है।
सचिव श्री एचएल अटल ने सभी कार्मिकों को नव वर्ष की शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि अध्यक्ष डाॅ..राठौड के सक्षम नेतृत्व व सभी कार्मिकों की मेहनत से स्थापना दिवस कार्यक्रम पूर्ण भव्यता से आयोजित हो सका। नव वर्ष में हम समन्वित प्रयासों के माध्यम से निरंतर आगे बढे व आयोग की प्रतिष्ठा में वृद्धि करते रहें।
संयुक्त सचिव श्री आशुतोष गुप्ता ने कहा कि आयोग अध्यक्ष डाॅ..राठौड के सक्षम नेतृत्व ने आयोग में नव ऊर्जा का संचार किया है। नव वर्ष के प्रथम कार्य दिवस पर हम दो सिद्धांतों का जीवन में पालन करें प्रथम है आत्म अनुशासन व द्वितीय है स्वः प्रेरणा। उन्होंने कहा कि “आत्म दीपो भव” भगवान बुद्ध का एक महत्त्वपूर्ण विचार है जिसका अर्थ है “अपना दीपक स्वयं बनो”’। आयोग के सभी कार्मिक नव वर्ष के इस अवसर पर निश्चय करें कि हम सभी अपनी कर्तव्यनिष्ठा के बल पर आयोग की प्रतिष्ठा को प्रदीप्त करते रहेंगे।
राजपत्रित कर्मचारी संघ के अध्यक्ष श्री दयाकर शर्मा ने अपने उद्बोधन में आयोग अध्यक्ष डाॅ..राठौड का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि आयोग नव वर्ष में नए कीर्तिमान व उपलब्धियां अर्जित करे। इसके लिए सभी आयोग कार्मिक प्रयास करते रहेंगे।
मंत्रालयिक कर्मचारी संघ के अध्यक्ष श्री गोविंद सिंह राठौड़ ने सभी अधिकारियों व कार्मिकों को नव वर्ष की शुभकामना दी। समारोह में श्री ललित मत्तड द्वारा श्री दिनेश सिंगोदिया द्वारा रचित नव वर्ष अभिनंदन कविता का पाठ भी किया गया।
उप सचिवों को किया गया सम्मानित
श्री चैनाराम पंवार, श्री महेश मीणा , श्री महावीर प्रसाद रामावत, श्री चणनाराम सोलंकी, श्री अजय सिंह चौहान, एडिशनल डायरेक्टर आईटी श्री अखिलेश मित्तल का स्थापना दिवस कार्यक्रम में सराहनीय कार्य के लिए सम्मान किया गया।
आयोग के जनसंपर्क अधिकारी नवीन कुमार आनंदकर को आयोग संबंधी समाचारों के समयबद्ध प्रेषण कार्य के लिए एवं मीडिया संबंधी सराहनीय प्रयासों तथा सूचनाओं के नियमित प्रकाशन के लिए सम्मानित किया गया।