सेंट्रल जेल में बंद 1400 कैदियों ने मचाया हंगामा

अजमेर। केन्द्रीय कारागृह में अपने गुनाहों की सजा भुगत रहे 1400 कैदियों ने बुधवार सुबह भूख हड़ताल शुरू करने के साथ ही हंगामा खड़ा कर दिया। सूत्रों के अनुसार कैदी जेल प्रशासन के सख्त रवैये से परेशान हैं और जेल अधीक्षक शंकरलाल ओझा को हटाने की मांग कर रहे हैं। कैदियों की समझाइश के प्रयास भी किये गए लेकिन प्रशासन को इसमें नाकामी ही हाथ लगी है। मामले के बारे में न तो जेल प्रशासन और न ही स्थानीय प्रशासनिक अधिकारी कुछ भी बोलने को तैयार हैं।
जेल में कैदियों के हंगामे और भूख हड़ताल की सूचना सुबह करीब 10 बजे बाहर आई थी। सूचना मिलने के साथ ही प्रशासनिक तंत्र भी सक्रिय हो गया। पुलिस उप अधीक्षक राजीव पचार जेल पहुंचे और कैदियों से वार्ता की। इसी बीच जेल में कैदियों ने जेल प्रशासन के खिलाफ  जोरदार नारेबाजी शुरू कर दी। मामला बिगड़ते देख जेल में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। कैदियों का आक्रोष किस बात को लेकर है इस बात का खुलासा फिलहाल नहीं किया जा रहा है। लेकिन सूत्रों की बात पर यकीन किया जाए तो जेल में पिछले दिनों गार्ड और कैदियों के बीच मारपीट की घटना हुई थी, जिसमें एक कैदी के चोटें आई थीं। माना जा रहा है कि कैदियों के आक्रोष के पीछे की मुख्य वजह भी वही घटना है। कैदियों की समझाइश के लिए एडीएम सिटी जगदीश पुरोहित भी जेल के अंदर गए।
error: Content is protected !!