साक्षात्कार प्रक्रिया को वैज्ञानिक पद्धति अनुसार किया जाएगा सवंर्धितः- राठी

अजमेर, 14 फरवरी। संघ लोक सेवा आयोग एवं डिफेंस इंस्टीट्यूट ऑफ साइकोलॉजिकल रिसर्च के संयुक्त तत्वाधान में साक्षात्कार तकनीक पर वर्चुअल माध्यम से कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में देश के समस्त राज्य लोक सेवा आयोग के सदस्य एवं अधिकारी सम्मिलित हुए।
राजस्थान लोक सेवा आयोग कार्यवाहक अध्यक्ष श्री जसवंत सिंह राठी ने बताया कि कार्यशाला में इंस्टीट्यूट के द्वारा साक्षात्कार तकनीक व प्रक्रिया पर एक प्रेजेंटेशन प्रस्तुत किया गया। इसमें साक्षात्कार की महत्वता तथा इसके लिए आवश्यक तकनीकों को प्रदर्शित किया गया।
श्री राठी ने बताया आयोग की फुल कमीशन की बैठक में लिए गए निर्णय अनुसार राजस्थान लोक सेवा आयोग की कार्यप्रणाली संघ लोक सेवा आयोग की तर्ज पर विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि साक्षात्कार चयन प्रक्रिया का आवश्यक भाग है। अभ्यर्थी के व्यक्तित्व के व्यावहारिक पहलू का आकलन इस प्रक्रिया से किया जाता है। साक्षात्कार के दौरान पहल करने की योग्यता, आत्मविश्वास, अनुकूलन क्षमता, सतर्कता, नेतृत्व क्षमता आदि का आकलन किया जाता है।
श्री राठी ने कहा कि कार्यशाला से साक्षात्कार तकनीक को वैज्ञानिक पद्धति अनुसार सवंर्धित करने में सहायता मिलेगी। इसी प्रकार संघ लोक सेवा आयोग की प्रक्रियाओं का अध्ययन करने के लिए राजस्थान लोक सेवा आयोग का दल भी जाएगा। विस्तृत अध्ययन से प्राप्त परिणामों के अनुसार आयोग की प्रक्रियाओं को भी संशोधित किया जा सकेगा।
कार्यशाला को ग्रुप कैप्टन श्री एपी राजेश एवं विंग कमांडर श्री राजेश रणवान ने संबोधित किया। आयोग सदस्य श्रीमती राजकुमारी गुर्जर, डॉ मंजू शर्मा एवं संयुक्त सचिव श्री आशुतोष गुप्ता भी इस दौरान उपस्थित रहे।

error: Content is protected !!