भाजपा चीन, अमेरिका और अपनी सरकार की नाकामियों पर जवाब दे : डॉ. राजकुमार जयपाल

चीन के सीमा संबंधी सवालों और अमेरिका के टैरिफ पर चुप्पी क्यों? दिया कुमारी राजनीतिक कटाक्ष छोड़कर जनहित के मुद्दों पर जवाब दें

अजमेर। राजस्थान की उपमुख्यमंत्री एवं अजमेर की प्रभारी मंत्री दिया कुमारी द्वारा कांग्रेस नेता राहुल गांधी जी को लेकर की गई टिप्पणी पर अजमेर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ. राजकुमार जयपाल एवं प्रवक्ता शैलेश गुप्ता ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी जी की राजनीतिक यात्रा पर तंज कसने से पहले भाजपा नेताओं को देश की सुरक्षा, आर्थिक नीतियों और अपनी सरकार की नाकामियों से जुड़े सवालों का जवाब देना चाहिए।

डॉ. राजकुमार जयपाल ने कहा कि भाजपा नेता राहुल गांधी जी की राजनीति को लॉन्चिंग और फेलियर जैसे शब्दों में परिभाषित करने की कोशिश कर रहे हैं, जबकि देश की जनता सरकार से गंभीर सवालों के जवाब चाहती है। जब चीन के साथ सीमा विवाद और भारतीय सीमाओं में घुसपैठ से जुड़े सवाल उठते हैं, तब भाजपा के नेता स्पष्ट जवाब देने से क्यों बचते हैं? अमेरिका द्वारा भारतीय उत्पादों पर लगाए जा रहे नए-नए टैरिफ से देश के व्यापारियों, उद्योगों और निर्यातकों पर पड़ने वाले प्रभाव को लेकर सरकार की क्या रणनीति है? इन मुद्दों पर जवाबदेही तय करने के बजाय राहुल गांधी जी पर टिप्पणी करना जनता का ध्यान भटकाने की कोशिश है।

उन्होंने कहा कि राहुल गांधी जी लगातार बेरोजगारी, महंगाई, किसानों की समस्याओं, सामाजिक न्याय और संविधान की रक्षा जैसे मुद्दों को उठा रहे हैं। विपक्ष का काम सरकार से सवाल पूछना है और सत्ता पक्ष की जिम्मेदारी उन सवालों का तथ्यात्मक जवाब देना है। लोकतंत्र में सवाल पूछने वाले नेता का उपहास उड़ाने के बजाय सरकार को अपनी नीतियों और निर्णयों का हिसाब देना चाहिए।

डॉ. जयपाल ने कहा कि चीन से जुड़े सीमा संबंधी सवाल हों या अमेरिका की टैरिफ नीति से भारतीय अर्थव्यवस्था पर पड़ने वाला असर, देश की जनता को स्पष्ट जानकारी और सरकार की ठोस कार्ययोजना जानने का अधिकार है। भाजपा को बताना चाहिए कि इन चुनौतियों से निपटने के लिए क्या कदम उठाए जा रहे हैं। केवल राजनीतिक बयानबाजी से न तो राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े सवालों का समाधान होगा और न ही व्यापारियों एवं आमजन की चिंताएं दूर होंगी।

उन्होंने कहा कि दिया कुमारी राजस्थान की उपमुख्यमंत्री होने के साथ अजमेर की प्रभारी मंत्री भी हैं। ऐसे में उन्हें राहुल गांधी जी पर राजनीतिक कटाक्ष करने के बजाय अजमेर की पेयजल समस्या, सड़कों की स्थिति, सफाई व्यवस्था, युवाओं के रोजगार और शहर के विकास से जुड़े सवालों का जवाब देना चाहिए। अजमेर की जनता जानना चाहती है कि विकास के वादों पर कितनी प्रगति हुई है और बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए सरकार की क्या कार्ययोजना है।

डॉ. राजकुमार जयपाल एवं शैलेश गुप्ता ने कहा कि भाजपा नेताओं को समझना चाहिए कि विपक्ष से सवाल पूछना जितना जरूरी है, उतना ही आवश्यक सत्ता पक्ष का जवाबदेह होना भी है। राहुल गांधी जी की राजनीतिक यात्रा पर तंज कसने से न बेरोजगारी दूर होगी, न महंगाई कम होगी और न ही देश के सामने खड़ी आर्थिक एवं सुरक्षा संबंधी चुनौतियों का समाधान होगा।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी जनहित, राष्ट्रीय सुरक्षा, सामाजिक न्याय और संविधान से जुड़े मुद्दों पर सरकार से सवाल उठाती रहेगी। भाजपा राहुल गांधी जी की लॉन्चिंग पर तंज कसने के बजाय चीन से जुड़े सीमा संबंधी सवालों, अमेरिका के टैरिफ और देश की जनता की समस्याओं पर जवाब दे। जनता को राजनीतिक कटाक्ष नहीं, सरकार के कामकाज का हिसाब चाहिए।

जारीकर्ता:
शैलेश गुप्ता
प्रवक्ता, अजमेर शहर जिला कांग्रेस कमेटी

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!