अजमेर। गरीब और निर्धन महिलाओं को स्वावलम्बी बनाने के लिये ब्यूटीशियन और सिलाई का प्रशिक्षण देने के लिये भारतीय शहरी ग्रामीण महिला शिक्षा विकास संस्था की कथित अध्यक्षा मीना देवी सैकड़ों महिलाओं से लाखों रुपए इक_ा कर फरार हो गई, वहीं गुर्जर धरती, आनन्द पुरी और धोलाभाटा की पीडि़त महिलाओं ने शनिवार को अलवर गेट थाने पर प्रदर्शन करते हुए आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। गौरतलब है कि 27 दिसम्बर को भी महिलाओं ने जिला कलेक्टर वैभव गालरिया को ज्ञापन देकर धोखेबाज महिला पर कार्यवाही करने की मांग की थी। पीडि़ताओं ने बताया कि मीना देवी ने स्वयं को भारतीय शहरी ग्रामीण महिला शिक्षा विकास संस्था की अध्यक्ष बताते हुए करीब 15 अलग-अलग स्थानों पर सेंटर खोले हैं। इसमें अधिकतर सिलाई और ब्यूटीशियन का प्रशिक्षण लेने महिलाएं और बालिकाएं पहुंची। प्रत्येक बैच मे कम से कम 45 महिलाएं और प्रत्येक महिला से फीस के रूप में 500 रुपये लिये गये हैं। यही नहीं विधवाओं और बुजुर्गों से पेंशन चालू कराने के नाम पर 500-500 रुपये, गर्भवती महिलाओं से 300-300 रुपये और बच्चा होने के बाद 1400 रुपये प्रति प्रसुता दिलाने के नाम पर ले लिये गये।
