सड़कों और बिजली व्यवस्था की पोल खुल जाने पर सख्त नाराजगी जताई

प्रो. वासुदेव देवनानी
अजमेर, 1 जुलाई। पूर्व शिक्षा मंत्री एवं विधायक वासुदेव देवनानी ने पहली तेज बारिश में ही अजमेर शहर में सड़कों और बिजली व्यवस्था की पोल खुल जाने पर सख्त नाराजगी जताई है। उन्होंने जिला कलक्टर अंशदीप से मुलाकात कर शहर में विभिन्न स्थानों पर बिगड़े हालात पर चर्चा की। जिला कलक्टर ने सम्बंधित विभागों को तुरंत एक्शन लेकर सुधार के निर्देश दिए हैं।
पूर्व शिक्षा मंत्री एवं अजमेर उत्तर विधायक वासुदेव देवनानी ने शुक्रवार को जिला कलक्टर अंशदीप से मुलाकात की। उन्होंने बताया कि आज अजमेर में पहली तेज बारिश में ही सड़कों की पोल खुल गई है। अधिकांश जगहों पर सड़कों पर घटिया निर्माण सामग्री का उपयोग गया है। बारिश के कारण ज्यादातर मुख्य सड़कों पर गड्ढ़े हो गए हैं। कई जगहों पर बरसाती पानी भर गया है।
उन्होंने जिला कलक्टर को बताया कि बारिश के कारण फॉयसागर रोड स्थित रावत नगर और स्वास्तिक नगर में सड़कों पर दो-दो फीट पानी भर गया है। ज्यादातर गलियों में सड़कों की हालत खराब है। लोगों को आवाजाही में परेशानी हो रही है। यहां तुरन्त सर्वे करवा कर सुधार किया जाए। उन्होंने कहा कि एलीवेटेड रोड के दोनों ओर सड़कों पर बहुत सारे गड्ढ़े हो गए हैं। शहर से बड़ी संख्या में वाहनों और आमजन की आवाजाही इन सड़कों से रहती है। यहां तुरंत ध्यान दिए जाने की जरुरत है। उन्होंने फॉयसागर रोड, स्टेशन रोड सहित शहर की कॉलोनियों में बनी सड़कों पर यथाशीघ्र पेचवर्क की आवश्यकता जताई। उन्होंने सीवरेज के कारण खोदी गई सड़कों पर भी समय पर पेचवर्क नहीं किए जाने पर नाराजगी जाहिर की।
श्री देवनानी ने जिला कलक्टर से कहा कि हर साल बारिश के कारण सागर विहार कॉलोनी क्षेत्र के लोगों को परेशानी झेलनी पड़ती है। यहां अभी से बड़े पम्प तैनात रखे जाएं ताकि जरूरत पड़ते ही पानी निकाला जा सके।
देवनानी ने शहर की विद्युत व्यवस्था में गड़बड़ी पर भी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि बारिश आते ही कई स्थानों पर बिजली बंद कर दी जाती है। शुक्रवार को हाथी भाटा में कई घन्टे बिजली बंद रही। इसी तरह शहर में कई स्थानों पर बरसात आते ही ट्रिपिंग शुरु हो गई। अजमेर जैसे शहर में यह हाल हैं तो गांवों में क्या हाल होंगे।
जिला कलक्टर अंशदीप ने विधायक देवनानी के उठाए मुद्दों पर नगर निगम एवं सार्वजनिक निर्माण विभाग सहित विभिन्न विभागों को निर्देश दिए। जिला कलक्टर ने विभागों को तुरन्त एक्शन लेकर सुधार के लिए कहा है।

error: Content is protected !!