अजमेर शहर व्यापार महासंघ के अध्यक्ष किशन गुप्ता ने बताया विधानसभा चुनावों के चलते लगी आचार संहिता अजमेर शहर के व्यापारियों के लिए जी का जंजाल बन गई है। चुनाव आयोग के निर्देशों के तहत जिले भर में पुलिस द्वारा लोगों की चेकिंग किए जाने के नाम पर व्यापारियों की धरपकड़ कर उनके पास मौजूद रकम को बिना किसी आधार के जब्त किया जा रहा है जिससे व्यापारियों में रोष व्याप्त है। महासंघ के संरक्षक भगवान चंदीराम व अशोक बिंदल ने बताया कि व्यापारी दिनभर अपना काम कर दिन या रात को व्यापार से हुए नकद कलेक्शन को या तो बैंक में जमा कराने या घर पर ले जाने के लिए निकलता है किंतु बीच में ही पुलिस द्वारा उक्त व्यापारी की धरपकड़ कर उससे से धनराशि कब्जे में ले कर पूछताछ की जा रही है जो सरासर गलत है। महासंघ के प्रवक्ता सीए विकास अग्रवाल व प्रवक्ता कमल गंगवाल ने बताया कि पूर्व में भी चुनाव हुए हैं और आचार संहिता भी लगी है किंतु इस प्रकार प्रशासन द्वारा व्यापारियों को इस तरह से परेशान नहीं किया गया। इस संबंध में सोमवार को जिला पुलिस अधीक्षक से मिलकर उपरोक्त समस्याओं से अवगत करा कर व्यापारियों व आमजन को इस समस्या से राहत दिलाने की मांग करेंगे। गौरतलब है कि अभी दीपावली के त्योहार के मद्देनजर व्यापारियों का सीजन भी है जिसमे दुकानों पर ज्यादा बिक्री होने से नकद का प्रवाह कुछ अधिक होता है ऐसे में त्योहारी सीजन के चलते पुलिस की कार्यवाही सरासर गलत है। व्यापारियों ने आज हुई बैठक में निर्णय लिया कि यदि प्रशासन का यही रवैया रहा तो सभी व्यापारी चुनावों का बहिष्कार करेंगे और कलेक्टर को मुख्यमंत्री के नाम का ज्ञापन देकर अपना विरोध व रोष व्यक्त करेंगे। मांग करने वालों में किशन गुप्ता, भगवान चंदीराम, अशोक बिंदल, नरेंद्र सिंह छाबड़ा, प्रवीण जैन, सीए विकास अग्रवाल, कमल गंगवाल, राजकुमार गर्ग, गिरीश लालवानी, जरनैल सिंह, सुरेश चारभुजा, संपत कोठरी, बालेश गोहिल, राजीव जैन निराला, बद्रीप्रसाद सिंघल, विवेक जैन, राकेश डीडवानिया आदि हैं।
सीए विकास अग्रवाल
प्रवक्ता, अजमेर शहर व्यापार महासंघ
मो. 9829535678