अजमेर। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक डॉ राजकुमार जयपाल एवं चिकित्सा प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ संजय पुरोहित ने मुख्यमंत्री भजनलाल को पत्र लिखकर अजमेर की ऐतिहासिक झील आना सागर को जलकुंभी से निजात दिलाने का आग्रह किया है।
उन्होंने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर बताया कि जिला प्रशासन अजमेर एवं नगर निगम अजमेर की लापरवाही एव बेरुखी के कारण अजमेर की ऐतिहासिक आनासागर झील जलकुंभी से ग्रस्त है और झील के चारों तरफ जलकुंभी का फैलाव हो रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि जिला प्रशासन अजमेर एवं नगर निगम अजमेर लापरवाही के कारण झील अपना मूल स्वरूप खो रही है। नगर निगम अजमेर के पास जलकुंभी हटाने के लिए पर्याप्त संसाधन एवं मेंन पावर नहीं है। निगम आनासागर झील को जलकुंभी से निजात दिलाने में असहाय महसूस कर रही है।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में विदेशी पक्षियों का आनासागर झील में आगमन हुआ है लेकिन जलकुंभी होने के कारण उन विदेशी पक्षियों का ठहराव नहीं हो पा रहा है। जलकुंभी के कारण आनासागर झील के आसपास के क्षेत्र में पर्यावरण प्रदूषण बढ़ता जा रहा है जिससे क्षेत्रीय निवासियों का जीना दुभर हो रहा है।
उन्होंने मुख्यमंत्री से त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश प्रदान कर आनासागर झील को जलकुंभी से निजात दिलाने का आग्रह किया अन्यथा मजबूर होकर उग्र आंदोलन किया जाएगा।