अजमेर में होटल नाज अग्निकांड प्रकरण, विधानसभा अध्यक्ष देवनानी ने ली घटना की जानकारी

मृतकों के प्रति जताई संवेदना, घायलों को समुचित उपचार के निर्देश

वासुदेव देवनानी

अजमेर, एक मई। विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने गुरूवार को डिग्गी बाजार स्थित होटल नाज में हुई अग्निकांड की जानकारी ली। उन्होंने दुर्घटना में मृतकों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की तथा घायलों को समुचित उपचार के निर्देश दिए। श्री देवनानी ने जिला प्रशासन को घटना के कारणों का पता लगा कर यथोचित कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी गुरूवार को पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुम्बई प्रवास पर थे। घटना की जानकारी मिलते ही उन्होंने अजमेर जिला कलक्टर श्री लोक बन्धु से संपूर्ण घटनाक्रम की जानकारी ली। जिला कलक्टर एवं पुलिस के अधिकारियों ने उन्हें अग्निकांड एवं इसके कारण मृत व घायल लोगों के बारे में जानकारी दी। श्री देवनानी ने दुर्घटना में मृत लोगों के प्रति शोक जताया। उन्होंने जिला प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि दुर्घटना में घायलों को निःशुल्क एवं समुचित उपचार उपलब्ध करवाया जाए। दुर्घटना में जो भी पीड़ित हैं उन्हें सम्पूर्ण उपचार मिले।

उन्होंने जिला प्रशासन को निर्देशित किया कि दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जाए। प्रशासन यह सुनिश्चित करे कि भविष्य में ऎसी दुर्घटनाएं ना हों। इसके लिए तमाम जरूरी एहतियाती बंदोबस्त किए जाएं। श्री देवनानी ने कहा कि जिला प्रशासन, नगर निगम, एडीए, अग्निशमन, चिकित्सा, विद्युत एवं अन्य सभी विभाग अपने से संबंधित जरूरी कार्रवाई समय पर करें।

error: Content is protected !!