साइबर अपराधों से बचाव के टिप्स दिए व भारतीय मानक ब्यूरो के नियमों से अवगत कराया ।
श्री वर्द्धमान शिक्षण समिति द्वारा संचालित श्री वर्द्धमान कन्या पी.जी. महाविद्यालय में प्राचार्य डाॅ. आर.सी. लोढ़ा के निर्देशन में चल रहे राष्ट्रीय सेवा योजना के शिविर के चतुर्थ दिन वीर बाल दिवस पर एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसका मुख्य उद्देश्य स्वयंसेविकाओं को वीर शहीदों के बलिदान, बाल सुरक्षा, साइबर अपराध और पॉक्सो एक्ट के प्रति जागरूक करना था।
सेबी स्मार्ट ट्रेनर गायत्री जोशी ने स्वयंसेविकाओं को संबोधित करते हुए साइबर अपराध से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत परिजनों या पुलिस को देने की सलाह दी। उन्होंने साइबर सुरक्षा के महत्वपूर्ण नियम भी सरल भाषा में समझाए साथ ही बाल यौन शोषण से बचाव, पॉक्सो एक्ट 2012 के प्रावधानों और उसके महत्व के बारे में जानकारी दी। उन्होंने वीर बाल दिवस की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि और इसे मनाने के कारणों पर भी विस्तार से प्रकाश डाला।
व्याख्याता राजकुमारी कुमावत द्वारा एक प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें वीर शहीदों, उनके योगदान और स्वतंत्रता संग्राम में उनके बलिदान से संबंधित प्रश्न पूछे गए। स्वयंसेविकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और शहीदों के महान कार्यों को याद किया।
द्वितीय सत्र में स्वयंसेविकाओं ने गोद ली गई बस्ती में जाकर सर्वे कार्य करते हुए सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी साझा की । ग्रामीण उपभोक्ता संस्थान सचिव राघवेंद्र ने स्वयंसेविकाओं को भारतीय मानक ब्यूरो के नियमों से अवगत करवाते हुए उपभोक्ता अधिकारों के प्रति जागरूक किया ।