50 से अधिक व्यावसायिक प्रतिष्ठानों एवं 600 दिव्यांगजनों ने रोजगार मेले मे भाग लिया
अजमेर, दिनांक 27-02-2026।
राजस्थान महिला कल्याण मंडल, विश्व युवक केंद्र नई दिल्ली एवं विभा के संयुक्त तत्वावधान में दिव्यांग वयस्कों को रोजगार उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से अद्वैत सेंटर, पंचशील नगर, अजमेर में चौथे विशाल जॉब फेयर का सफल आयोजन किया गया।
रोजगार मेले में राजस्थान के विभिन्न जिलों से लगभग 600 दिव्यांगजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, जिनमें से 325 दिव्यांगजनों को विभिन्न रोजगारदाताओं द्वारा रोजगार हेतु चिन्हित किया गया।
50 से अधिक प्रतिष्ठानों ने लिए साक्षात्कार
संस्था निदेशक राकेश कुमार कौशिक ने जानकारी दी कि रोजगार मेले का उद्घाटन भाजपा मीडिया अध्यक्ष अजमेर एवं समाजसेवी विक्रम सिंह राठौर, संस्था सचिव एवं मुख्य कार्यकारी क्षमा काकड़े कौशिक, विश्व युवक केंद्र से रणवीर सिंह, एवं प्रदीप खत्री, एवं वरिष्ठ पत्रकार एस पी मित्तल, श्रीमती संगीता सामंत द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।
रोजगार मेले में अजमेर, पुष्कर, किशनगढ़ एवं आसपास के क्षेत्रों से 50 से अधिक होटल, स्कूल, कोचिंग संस्थान, रिसॉर्ट, अस्पताल, आईटी कंपनियां, रेस्टोरेंट आदि के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। साक्षात्कार के दौरान दिव्यांगजनों की क्षमता, कौशल एवं योग्यता के अनुरूप रोजगार हेतु संभावित अभ्यर्थियों का चयन किया गया।
विशेष प्रशिक्षित काउंसलरों द्वारा करियर काउंसलिंग
मेले के दौरान संस्था के विशेष प्रशिक्षित करियर काउंसलरों द्वारा दिव्यांगजनों को उनके कौशल, रुचि एवं योग्यता के अनुसार उचित करियर विकल्प चुनने हेतु मार्गदर्शन प्रदान किया गया। साथ ही, उन्हें उनकी पात्रता के अनुसार विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जोड़ने की जानकारी भी दी गई।
इस पहल का मुख्य उद्देश्य दिव्यांगजनों को स्वावलंबी बनाना तथा उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ना है।
संस्था सचिव एवं मुख्य कार्यकारी क्षमा काकड़े कौशिक ने बताया कि इस प्रकार के रोजगार मेले दिव्यांगजनों एवं कंपनियों के बीच सीधा संवाद स्थापित करते हैं, जिससे उन्हें रोजगार के अवसर प्राप्त होते हैं तथा आत्मसम्मान एवं आत्मनिर्भरता के साथ जीवन जीने का मार्ग प्रशस्त होता है।
रोजगार मेले के सफल आयोजन में संस्था टीम के सदस्य — अनुराग सक्सेना, तरुण शर्मा, नानू लाल प्रजापति, ईश्वर शर्मा, भँवर सिंह गौड़, भगवान सहाय शर्मा, लक्ष्मण सिंह चौहान, खेरुनिशा शेख, विपुल कवरिया, वंदना सिंह आदि का विशेष सहयोग रहा।
अंत में, राकेश कुमार कौशिक एवं क्षमा काकड़े कौशिक ने सभी अतिथियों एवं रोजगारदाताओं को स्मृति चिन्ह प्रदान कर आभार व्यक्त किया।
राकेश कुमार कौशिक
निदेशक
राजस्थान महिला कल्याण मंडल, चाचियावास