अजमेर, 12 मार्च। विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने गुरुवार को अजमेर उत्तर विधानसभा क्षेत्र के वार्ड संख्या 6 स्थित कृष्णा नगर रेगरान मोहल्ला में 17 लाख रुपये की लागत से बनने वाली सीसी सड़क निर्माण कार्य का विधिवत शुभारंभ किया।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र में इस सड़क के निर्माण से स्थानीय निवासियों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी तथा क्षेत्र के बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की जनकल्याणकारी सोच के अनुरूप अजमेर के प्रत्येक क्षेत्र में योजनाबद्ध ढंग से विकास कार्य कराए जा रहे हैं। इनका उद्देश्य आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
विधानसभा अध्यक्ष श्री देवनानी ने कहा कि अजमेर को एक श्रेष्ठ, सुंदर और स्मार्ट शहर के रूप में विकसित करने की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है। चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार, शिक्षा के क्षेत्र में नए अवसरों के सृजन, युवाओं के लिए रोजगार के साधनों के विकास, सड़कों एवं अन्य आधारभूत संरचनाओं के सुदृढ़ीकरण तथा पर्यटन की संभावनाओं को बढ़ावा देने के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाओं को धरातल पर उतारा जा रहा है। उन्होंने कहा कि शहर के समग्र और संतुलित विकास के लिए प्रत्येक वार्ड और प्रत्येक मोहल्ले में आवश्यकतानुसार विकास कार्य कराए जा रहे हैं। इससे नागरिकों के जीवन स्तर में सुधार आए और अजमेर विकास की नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर सकेगा।
उन्होंने कहा कि उनका सतत प्रयास है कि अजमेर उत्तर विधानसभा क्षेत्र सहित पूरे शहर में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार हो तथा नागरिकों को बेहतर सड़क, स्वच्छता, पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाएं सहज रूप से उपलब्ध हों। क्षेत्र के विभिन्न सड़क, पेयजल, बिजली, शिक्षा और स्वास्थ्य से जुड़े कई विकास कार्य किए जा रहे हैं। पेयजल के लिए तीन रिजर्वायर, स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए जवाहर लाल नेहरू चिकित्सालय में सुपर स्पेशलिटी ब्लॉक, गैस आधारित जीएसएस, लेपर्ड सफारी पार्क, आईटी पार्क, साइंस पार्क, मल्टीपर्पज स्टेडियम, कन्वेंशन सेंटर, गांधी भवन बहुमंजिला लाइब्रेरी, नगर वन, शिक्षण संस्थान से जुड़े कई कार्य अजमेर को विकास के पथ पर आगे बढ़ाएंगे।
इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, क्षेत्रवासी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।