अजमेर / महर्षि दयानंद सरस्वती विश्वविद्यालय, अजमेर द्वारा राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) 2020 के प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से एक दिवसीय फैकल्टी डेवलपमेंट वर्कशॉप का आयोजन 24 मार्च 2026 को प्रातः 10:00 बजे से स्वराज सभागार, बृहस्पति भवन में किया जाएगा।
इस महत्वपूर्ण शैक्षणिक आयोजन में राजस्थान सरकार के उपमुख्यमंत्री एवं उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. प्रेम चंद बैरवा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता के रूप में उच्च शिक्षा विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री कुलदीप रांका राष्ट्रीय शिक्षा नीति के विभिन्न आयामों एवं उसके व्यावहारिक क्रियान्वयन पर विस्तृत विचार प्रस्तुत करेंगे।
कार्यक्रम में अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ (ABRSM) के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रो. नारायण लाल गुप्ता विशिष्ट अतिथि (Guest of Honour) के रूप में सहभागिता करेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. सुरेश कुमार अग्रवाल करेंगे।
इस कार्यशाला का उद्देश्य विश्वविद्यालय एवं संबद्ध महाविद्यालयों के शिक्षकों को राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के प्रावधानों—जैसे बहुविषयक शिक्षा, कौशल आधारित अधिगम, अकादमिक बैंक ऑफ क्रेडिट (ABC), लचीली पाठ्यक्रम संरचना एवं मूल्यांकन प्रणाली—के प्रभावी कार्यान्वयन हेतु प्रशिक्षित एवं जागरूक करना है।
कार्यशाला में विभिन्न विषय विशेषज्ञों द्वारा सत्र आयोजित किए जाएंगे, जिनमें शिक्षकों को नई शिक्षा नीति के अंतर्गत शिक्षण पद्धतियों, अनुसंधान उन्मुख दृष्टिकोण तथा छात्र-केंद्रित शिक्षण प्रणाली के बारे में मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों के संकाय सदस्य, शोधार्थी एवं संबद्ध महाविद्यालयों के शिक्षक बड़ी संख्या में भाग लेंगे।
कुलगुरु प्रो. सुरेश कुमार अग्रवाल ने बताया कि विश्वविद्यालय राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के सफल क्रियान्वयन के लिए प्रतिबद्ध है तथा इस प्रकार की कार्यशालाएं शिक्षकों की क्षमता वृद्धि एवं गुणवत्ता आधारित शिक्षा को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।
कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों के साथ संवाद सत्र भी आयोजित किया जाएगा, जिससे वे अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त कर सकेंगे।