ब्यावर, 21 मार्च। भारतीय जनता पार्टी के पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान के अंतर्गत भाजपा आशापुरा माता मंडल, ब्यावर द्वारा आयोजित दो दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण शिविर का आज प्रथम दिवस अत्यंत उत्साह, अनुशासन एवं संगठनात्मक गरिमा के साथ संपन्न हुआ।
मंडल महामन्त्री कृष्णा भूतड़ा ने बताया कि शिविर का शुभारंभ भारत माता, पंडित दीनदयाल उपाध्याय, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र के समक्ष माल्यर्पण एवं दिप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। कार्यक्रम में सभी कार्यकर्ताओं का स्वागत मंत्रोच्चार के साथ पारम्परिक तिलक लागकर एवं भाजपा का दुपट्टा पहनाकर किया गया। वातावरण पूरी तरह राष्ट्रभक्ति एवं संगठनात्मक ऊर्जा से ओतप्रोत रहा।
कार्यक्रम के प्रथम सत्र की अध्यक्षता पूर्व मंडल अध्यक्ष राम अवतार लाटा ने की। इस सत्र के मुख्य वक्ता अनुसूचित जाति जिला अध्यक्ष चेतन गोयर रहे, जिन्होंने केंद्र एवं राज्य सरकार की उपलब्धियों विषय पर विस्तारपूर्वक प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि किस प्रकार केंद्र सरकार ने जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक लाभ पहुंचाने का कार्य किया है। साथ ही राज्य सरकार की नीतियों, विकास कार्यों एवं गरीब, किसान, युवा और महिला वर्ग के उत्थान हेतु किए गए प्रयासों को भी विस्तार से समझाया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे इन उपलब्धियों को जन-जन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाएं।
द्वितीय सत्र की अध्यक्षता पूर्व मंडल अध्यक्ष भूदेव आर्य ने की। इस सत्र में पूर्व विधायक एवं पूर्व अजमेर देहात जिला अध्यक्ष देवीशंकर भूतड़ा मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने भाजपा के वैचारिक अधिष्ठान विषय पर अत्यंत प्रेरणादायक एवं मार्गदर्शक उद्बोधन दिया। अपने वक्तव्य में उन्होंने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानववाद के सिद्धांत को सरल एवं प्रभावी तरीके से समझाते हुए बताया कि भाजपा केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि एक विचारधारा आधारित संगठन है, जो राष्ट्र सर्वोपरि की भावना के साथ कार्य करता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संगठन की मूल विचारधारा को आत्मसात कर उसे व्यवहार में लाने के लिए प्रेरित किया।
तृतीय सत्र में वरिष्ठ कार्यकर्ता मण्डल अध्यक्ष डूंगरसिंह रावत ने बूथ प्रबंधन विषय पर विस्तृत प्रशिक्षण दिया। उन्होंने बूथ स्तर को संगठन की सबसे महत्वपूर्ण इकाई बताते हुए कहा कि मजबूत बूथ ही मजबूत संगठन की नींव होता है। उन्होंने बूथ स्तर पर मतदाता संपर्क, संगठनात्मक संरचना, डेटा प्रबंधन एवं चुनावी रणनीति के विभिन्न पहलुओं को सरल भाषा में समझाया तथा कार्यकर्ताओं को सक्रिय एवं संगठित रहकर कार्य करने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान आपसी संवाद, अनुभवों का आदान-प्रदान एवं संगठनात्मक समन्वय का वातावरण देखने को मिला, जिससे कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा एवं उत्साह का संचार हुआ। शिविर के आगामी सत्रों में भी विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा।
प्रशिक्षण शिविर में मंडल अध्यक्ष विजय दगदी,हिमांशु शर्मा,राजेश जांगिड,देवकीनंदन शर्मा,रुपेश कोठारी ,कुंजबिहारी तोलंबिया,कंचन रावत,लता शर्मा,पिंकी कुमावत,मुकेश घावरी,आशीष शर्मा,देवीदास सोनी, गोलू पहलवान,अमरचंद कुमावत,लक्मन सिंह हुड़ा,चंदन बिलोनिया,हेमंत धड़ीच,लोकेंद्र सिंह पंवार,दिलीप शर्मा,सज्जन सिंह चोहान,सुरेश गहलोत,श्याम प्रजापत,बजरंग प्रजापत आदि ने भाग लिया।
— एडवोकेट कृष्णा भूतड़ा
महामंत्री
भाजपा आशापुरा माता मंडल, ब्यावर