छह दिन होंगे विभिन्न कार्यक्रम, मंगलवार को सुंदरकांड पाठ और क्रिकेट
ब्यावर। ब्राह्मण समाज के आराध्य देव भगवान श्री परशुराम का जन्म महोत्सव शहर में हर्षोल्लास से मनाया जाएगा। संयोजक हंसराज शर्मा के नेतृत्व में 14 से 19 अप्रैल तक धार्मिक, सांस्कृतिक और खेलकूद प्रतियोगिताओं समेत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सह संयोजक सुमित सारस्वत ने बताया कि मंगलवार को क्रिकेट प्रतियोगिता और सुंदरकांड पाठ के साथ महोत्सव का शुभारंभ करेंगे। रात्रि 8 बजे से अजमेरी गेट पर आयोजित होने वाले पाठ में सभी समाज के सनातनी और शहरवासी शामिल होंगे। इससे पूर्व सुबह 7 बजे से सेंटपॉल स्कूल ग्राउंड में क्रिकेट प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। 15 अप्रैल को बालक-बालिकाओं और 16 अप्रैल को महिलाओं के लिए प्रतियोगिताएं और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। 17 अप्रैल को कराओके गायन प्रतियोगिता होगी। 18 अप्रैल को भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। आयोजन के लिए सोमवार को जिला कलेक्टर कमलराम मीना, पुलिस उपाधीक्षक राजेश कसाना, सिटी थानाधिकारी आशुतोष पांडे व अन्य अधिकारियों को आयोजन समिति ने आमंत्रण दिया। इस दौरान देशवाली ब्राह्मण समाज अध्यक्ष ओमप्रकाश शर्मा, संयोजक हंसराज शर्मा, सह संयोजक सुमित सारस्वत, मुकेश शर्मा, धीरज शर्मा, संजय पाराशर, कैलाश शर्मा, चंद्रशेखर शर्मा, प्रेमप्रकाश शर्मा, चेतन शर्मा, राजीव मिश्रा, लोकेश उपाध्याय, हनी शर्मा, उज्जवल शर्मा व अन्य सदस्य मौजूद रहे।