“अंबेडकर जयंती एवं ‘वेद-वेदांग से विकसित भारत’ राष्ट्रीय संगोष्ठियों की तैयारियों को लेकर कुलगुरु ने दिये निर्देश
अजमेर। महर्षि दयानन्द सरस्वती विश्वविद्यालय में अंबेडकर जयंती समारोह (15 अप्रैल) तथा ‘वेद-वेदांग और विकसित भारत’ विषय पर राष्ट्रीय संगोष्ठी (16 अप्रैल) के सफल आयोजन हेतु कुलगुरु प्रोफेसर सुरेश कुमार अग्रवाल की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में कुलगुरु प्रो सुरेश कुमार अग्रवाल ने दोनों आयोजनों को विश्वविद्यालय की अकादमिक गरिमा के अनुरूप उत्कृष्ट, अनुशासित एवं प्रभावशाली ढंग से संपन्न कराने के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश प्रदान किए हैं | कुलगुरु ने सभी विभागाध्यक्षों का आह्वान किया कि वे भारतीय ज्ञान परंपरा एवं वेद वेदांग एवं विकसित भारत की संकल्पना की स्पष्टता हेतु अपने-अपने विभागों के विद्यार्थियों एवं संकाय सदस्यों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करें | कुलगुरु ने भविष्य में अंबेडकर जयंती से संबंधित गतिविधियों को “भीम सप्ताह” के रूप में आयोजित किए जाने का प्रस्ताव प्रस्तुत करने हेतु प्रो शिव प्रसाद को निर्देश दिये जिसमें विभिन्न प्रतियोगिताएं, व्याख्यान एवं सांस्कृतिक गतिविधियां सम्मिलित हों। बैठक में कुलगुरु ने स्पष्ट किया कि इन संगोष्ठियों का उद्देश्य केवल आयोजन तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके माध्यम से विश्वविद्यालय के पाठ्यक्रमों में भारतीय ज्ञान परंपरा एवं वैदिक तत्वों को समाहित करने की दिशा में ठोस पहल की जाएगी। उन्होंने सभी संकाय सदस्यों से आग्रह किया कि वे संगोष्ठी के सभी सत्रों में उपस्थित रहकर प्राप्त होने वाले अकादमिक सुझावों को अपने-अपने विषयों में लागू करने की दिशा में कार्य करें। कुलगुरु ने निर्देश दिए कि कार्यों के प्रभावी निष्पादन हेतु छोटे-छोटे कार्यदल (टीम) गठित किए जाएं, जिससे प्रत्येक जिम्मेदारी स्पष्ट रूप से निर्धारित हो और कार्य समयबद्ध रूप से पूर्ण हो सके। बैठक मे विश्वविद्यालय के विभागाध्यक्ष, अधिकारी एवं कार्मिक उपस्थित रहे |