विश्व पृथ्वी दिवस पर पशुपालन विभाग में चला वृहद सफाई अभियान

आर्यन पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों और पशु चिकित्सकों ने परिसर में किया श्रमदान

पौधों की सार-संभाल और प्लास्टिक मुक्त जीवन का लिया संकल्प

अजमेर, 23 अप्रैल। विश्व पृथ्वी दिवस के उपलक्ष्य में पशुपालन विभाग द्वारा शास्त्री नगर स्थित संयुक्त निदेशक कार्यालय एवं बहुउद्देशीय पशु चिकित्सालय परिसर में बड़े स्तर पर सफाई एवं स्वच्छता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अभियान के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता का संदेश देते हुए विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों और स्कूली बच्चों ने सामूहिक श्रमदान किया।

संयुक्त निदेशक डॉ. नवीन परिहार ने जानकारी देते हुए बताया कि स्वच्छता अभियान के दौरान बहुउद्देशीय पशु चिकित्सालय परिसर में वर्ष 2022 और उसके पश्चात किए गए वृक्षारोपण से विकसित हुए 60 से अधिक पेड़ों के आस-पास निराई-गुड़ाई की गई। खरपतवार हटाकर परिसर को पूर्ण रूप से स्वच्छ बनाया गया। इस पुनीत कार्य में आर्यन पब्लिक स्कूल के 60 से अधिक विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। साथ ही इंटर्नशिप कर रहे 10 पशु चिकित्सा अधिकारियों और चिकित्सालय के समस्त स्टाफ ने झाड़ू लगाकर परिसर की सफाई की।

इस अवसर पर डॉ. परिहार ने उपस्थित जनसमूह और विद्यार्थियों से अपील की कि विश्व पृथ्वी दिवस को सही मायने में सार्थक बनाने के लिए हमें अधिक से अधिक वृक्षारोपण करना चाहिए। साथ ही लगाए गए पौधों की नियमित सार-संभाल भी सुनिश्चित करनी चाहिए। उन्होंने पर्यावरण को हो रहे नुकसान के प्रति सचेत करते हुए सभी से अपने दैनिक जीवन में प्लास्टिक का उपयोग पूरी तरह बंद करने का आह्वान किया। अभियान के अंत में सभी प्रतिभागियों ने पृथ्वी को हरा-भरा और प्रदूषण मुक्त रखने का संकल्प लिया।

error: Content is protected !!