विधानसभा अध्यक्ष ने जलदाय विभाग के अधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक
बैठक में निर्बाध जलापूर्ति, मॉनिटरिंग एवं त्वरित समाधान के दिए सख्त निर्देश
ग्रीष्मकाल में पेयजल आपूर्ति में किसी प्रकार की ढिलाई नहीं हो, आमजन को पर्याप्त मात्रा में नियमित रहे आपूर्ति-विधानसभा अध्यक्ष
अजमेर, 27 अप्रैल। विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने सोमवार को जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारियों के साथ ग्रीष्मकालीन पेयजल व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि आने वाले गर्मी के मौसम में क्षेत्र की जनता को पेयजल के लिए किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। पेयजल आपूर्ति की समुचित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करते हुए सभी व्यवस्थाएं पूर्व तैयारी के साथ सुचारू रखी जाएं तथा आमजन को निर्बाध, नियमित एवं पर्याप्त दबाव से पानी उपलब्ध कराया जाए। अधिकारी दो महीने अलर्ट मोड पर रहें।
उन्होंने कहा कि पंचशील नगर, विकासपुरी, फ्रेंड्स कॉलोनी, शास्त्री नगर, शिव नगर, वरुण सागर रोड, काजीपुरा, नृसिंहपुरा, दयानंद कॉलोनी, गणपति नगर तथा पुष्कर रोड सहित विभिन्न क्षेत्रों में पूरे प्रेशर से जलापूर्ति करें। शिकायतें किसी भी स्तर पर स्वीकार्य नहीं है। इन क्षेत्रों में निर्धारित समयावधि के भीतर नियमित अंतराल पर जलापूर्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने पंचशील नगर ई-ब्लॉक स्थित पानी की टंकी से गणेश गुवाड़ी एवं ए-ब्लॉक को जोड़कर त्वरित रूप से पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि ग्रीष्मकाल में पेयजल व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए समर कंटिन्जेंसी प्लान के अंतर्गत लिए गए कार्यों की नियमित समीक्षा की जाए। हैंडपंप एवं ट्यूबवेल स्थापित करने, पाइपलाइन इंटरकनेक्शन तथा आवश्यकतानुसार पानी के टैंकरों के माध्यम से आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने नगर निगम के परिसीमन में सम्मिलित ग्रामीण क्षेत्रों में पर्याप्त पेयजल आपूर्ति के लिए बजट घोषणा के अनुसार डीपीआर तैयार करने की कार्यवाही में तेजी लाने को कहा। साथ ही वर्ष 2026-27 की बजट घोषणा में नगर निगम क्षेत्र में सम्मिलित गांवों एवं कॉलोनियों में पेयजल सुधार के लिए स्वीकृत राशि के प्रस्तावों की प्रगति की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। ग्रीन क्षेत्रों में पेयजल उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए भी शीघ्र प्रस्ताव तैयार किए जाने को कहा।
बैठक में बल्क मीटर लगाने की प्रगति तथा अजमेर एवं केकड़ी में बस्र्ट ट्रांसफर सिस्टम स्थापित करने की प्रगति की भी समीक्षा की गई। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि इन कार्यों में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए तथा सभी स्वीकृत योजनाओं को समयबद्ध रूप से धरातल पर उतारा जाए।
उन्होंने नवीन पाइपलाइन डालने के दौरान क्षतिग्रस्त की गई सड़कों की मरम्मत को गंभीरता से लेते हुए निर्देश दिए कि वैशाली नगर, फ्रेंड्स कॉलोनी तथा पंचशील नगर सहित जिन क्षेत्रों में हाल ही में सड़क तोड़कर पाइपलाइन डाली गई है। वहां एक सप्ताह के भीतर सड़क मरम्मत कार्य पूर्ण कराया जाए। जनता को सुविधा देने के नाम पर असुविधा स्वीकार नहीं की जाएगी।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि नगर निगम क्षेत्र में नवीन रूप से जुड़े ग्रामों में भी निर्धारित अंतराल पर पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराया जाए। आमजन की पेयजल समस्या का त्वरित समाधान होना चाहिए। जिले में संचालित कंट्रोल रूम पर प्राप्त शिकायतों का दो दिवस के भीतर निस्तारण किया जा रहा है, इस व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं सतत बनाए रखा जाए।
उन्होंने रावत नगर, मिलिट्री स्कूल, ईदगाह तथा माकड़वाली ग्राम में नवनिर्मित पानी की टंकियों के कार्यशील होने की स्थिति की भी जानकारी ली और निर्देश दिए कि जिन परियोजनाओं का निर्माण पूर्ण हो चुका है, उन्हें शीघ्र संचालन में लाया जाए। इससे आमजन को उसका सीधा लाभ मिल सके।
इस अवसर पर अतिरिक्त मुख्य अभियंता श्री रामचंद्र राड़, सुनील बाकलीवाल सहित जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अभियंता एवं अधिकारी उपस्थित रहे।