*वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान के तहत डिग्गी तालाब में हुआ स्वच्छता अभियान*

*विधायक भदेल ने जल संरक्षण का दिलाया संकल्प*

अजमेर, 3 जून। अजमेर दक्षिण विधायक श्रीमती अनिता भदेल ने राजस्थान सरकार द्वारा संचालित वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान-2026 के अंतर्गत जिला प्रशासन अजमेर के सहयोग से बुधवार को डिग्गी तालाब अजमेर में व्यापक स्वच्छता एवं साफ-सफाई कार्यक्रम का आयोजन किया गया। अभियान में अजमेर दक्षिण विधायक श्रीमती अनिता भदेल, जिला प्रशासन के अधिकारियों, स्वयंसेवकों एवं क्षेत्रवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

विधायक श्रीमती भदेल अवगत करवाया गया कि प्रातः 8 बजे जिला प्रशासन की टीम एवं स्वयंसेवकों के साथ डिग्गी तालाब पहुंचकर सरोवर की विधिवत पूजा-अर्चना एवं अभिषेक किया गया। इसके पश्चात सभी ने मिलकर लगभग दो घंटे तक सरोवर परिसर एवं जलाशय क्षेत्र में स्वच्छता अभियान चलाते हुए साफ-सफाई की। जल स्त्रोत को स्वच्छ एवं संरक्षित रखने का कार्य किया।

इस अवसर पर विधायक श्रीमती भदेल एवं उपस्थित स्वयंसेवकों ने जल संरक्षण एवं स्वच्छता का सामूहिक संकल्प लेते हुए कहा कि सरोवरों, तालाबों, बावड़ियों एवं कुओं जैसे पारंपरिक जल स्त्रोतों को प्रदूषित नहीं करेंगे और ना इनमें कचरा, गंदगी, गंदा पानी आदि डालेंगें। विधायक भदेल ने आमजन से अपील की कि जल स्रोतों की स्वच्छता बनाए रखने में प्रत्येक नागरिक अपनी जिम्मेदारी निभाए।

विधायक श्रीमती भदेल ने कहा कि जल ही जीवन है यह केवल एक नारा नहीं, बल्कि मानव जीवन का मूल आधार है। जल के बिना पृथ्वी पर जीवन की कल्पना संभव नहीं है। यदि जल नहीं होगा तो खेती, पशुपालन, उद्योग और हमारी दैनिक आवश्यकताओं की पूर्ति भी संभव नहीं हो पाएगी। इसलिए हमें जल का उपयोग सदैव मितव्ययता एवं जिम्मेदारी के साथ करना चाहिए तथा जल की प्रत्येक बूंद का महत्व समझना चाहिए।

उन्होंने कहा कि प्राचीन काल में राजा-महाराजाओं द्वारा जनता को स्वच्छ एवं पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सरोवरों, तालाबों, बावड़ियों एवं कुओं का निर्माण करवाया जाता था। ये जल स्त्रोत जल संग्रहण के साधन होने के साथ-साथ हमारी समृद्ध सांस्कृतिक एवं पर्यावरणीय विरासत के प्रतीक भी हैं। वर्तमान समय में इन ऐतिहासिक एवं पारंपरिक जल स्रोतों का संरक्षण और संवर्धन करना हम सभी का नैतिक दायित्व है।

विधायक श्रीमती भदेल ने कहा कि जल संरक्षण केवल सरकार का कार्य नहीं है। जनभागीदारी से ही यह अभियान सफल हो सकता है। यदि प्रत्येक नागरिक जल बचाने, जल स्त्रोतों को स्वच्छ रखने और वर्षा जल के संरक्षण का संकल्प ले, तो आने वाली पीढ़ियों के लिए हम जल सुरक्षित रख पाएगें। स्वच्छता एवं जल संरक्षण के प्रति जनजागरूकता का संदेश देते हुए आयोजित यह कार्यक्रम जल को स्वच्छ एवं संरक्षित रखने की शपथ लेकर अपने घर लौटने का आह्वान किया।

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!