*डाक जीवन बीमा एवं ग्रामीण डाक जीवन बीमा में अभिकर्ता तथा क्षेत्र अधिकारी के पदों पर सीधी भर्ती 23 जून को होगा वॉक-इन-इंटरव्यू*

अजमेर, 5 जून। भारतीय डाक विभाग द्वारा अजमेर डाक मण्डल के अंतर्गत डाक जीवन बीमा एवं ग्रामीण डाक जीवन बीमा के नवीन व्यवसाय में वृद्धि के उद्देश्य से प्रत्यक्ष अभिकर्ता एवं क्षेत्र अधिकारी के पदों पर साक्षात्कार के माध्यम से नियुक्ति की जाएगी।

प्रवर अधीक्षक डाकघर श्री देवी लाल सहारण ने बताया कि इन पदों पर चयन के लिए आगामी मंगलवार 23 जून को प्रातः 11 बजे से आगरा गेट स्थित प्रवर अधीक्षक डाकघर कार्यालय में वॉक-इन-इंटरव्यू (साक्षात्कार) का आयोजन किया जाएगा। इच्छुक अभ्यर्थी अपने बायोडाटा, आयु, शैक्षणिक दस्तावेजों तथा अनुभव संबंधी मूल प्रमाण-पत्रों एवं उनकी प्रतियों के साथ निर्धारित तिथि और समय पर साक्षात्कार के लिए उपस्थित हो सकते हैं।

उन्होंने बताया कि विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, यह नियुक्तियां पूर्णतः अस्थायी प्रकृति की हैं। इसमें चयनित अभ्यर्थियों को कोई मासिक अथवा स्थायी वेतन देय नहीं होगा। सफल अभ्यर्थियों को उनके द्वारा अर्जित व्यवसाय के आधार पर विभाग द्वारा निर्धारित दरों पर केवल प्रोत्साहन राशि का भुगतान किया जाएगा। भविष्य में स्थायी नियुक्ति को लेकर किसी भी प्रकार का दावा या परिवाद मान्य नहीं होगा।

उन्होंने बताया कि पात्रता शर्तों के तहत प्रत्यक्ष अभिकर्ता पद के लिए आवेदक का किसी भी मान्यता प्राप्त बोर्ड से न्यूनतम 10वीं कक्षा या समकक्ष परीक्षा उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। इसके लिए न्यूनतम आयु सीमा 18 वर्ष निर्धारित की गई है, तथा अधिकतम आयु की कोई सीमा नहीं है। इस पद के लिए बेरोजगार व स्व-नियोजित युवा, पूर्व जीवन बीमा सलाहकार, पूर्व बीमा एजेंट, भूतपूर्व सैनिक, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, महिला मण्डल पंचायत के सदस्य या मण्डल प्रमुख द्वारा योग्य माने गए अन्य व्यक्ति आवेदन कर सकते हैं।

उन्होंने बताया कि क्षेत्र अधिकारी के पद के लिए केंद्र या राज्य सरकार के सेवानिवृत्त अधिकारी (ग्रुप ए व बी सहित), सेवानिवृत्त कर्मचारी तथा ग्रामीण डाक सेवक पात्र होंगे। उनके विरुद्ध कोई अनुशासनात्मक या न्यायिक प्रकरण लंबित नहीं हो।

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!