जिला कलक्टर ने ग्राम देवपुरी में लगाई रात्रि चैपाल

ग्रामीणों की सुनी समस्याएं, त्वरित समाधान के दिए निर्देश

अजमेर, 06 जून। माननीय मुख्यमंत्राी श्री भजनलाल शर्मा की मंशानुसार ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं के त्वरित एवं धरातलीय निस्तारण तथा प्रशासन की पहुंच अंतिम छोर तक सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शनिवार को अरांई के ग्राम देवपुरी में जिला कलक्टर श्री लोक बंधु की अध्यक्षता में रात्रि चैपाल का आयोजन किया गया। जिला कलक्टर ने कृषकों, युवाओं एवं महिलाओं से सीधा संवाद स्थापित करते हुए उनकी समस्याएं एवं सुझावों को सुना। साथ ही रात्रि चैपाल में प्राप्त जन परिवेदनाओं के लिए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं संवेदनशील कार्रवाई के निर्देश दिए। रात्रि चैपाल में 53 परिवाद प्राप्त हुए।
रात्रि चैपाल को संबोधित करते हुए जिला कलक्टर ने कहा कि ग्राम में चैपाल लगाने का मूल उद्देश्य आमजन की समस्याओं को निकटता से समझकर विभागीय समन्वय के माध्यम से उनका पारदर्शी एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने ग्रामीणों से संवाद करते हुए उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना और मौके पर ही उनके निराकरण के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
जिला कलक्टर ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की किस्तों की समयबद्ध प्राप्ति की जानकारी ली तथा फसल उत्पादन और भूमि की उर्वरता पर चर्चा की। उन्होंने किसानों को मृदा स्वास्थ्य कार्ड के अनुरूप फसल चयन करने, फसल बीमा कराने तथा राज्य एवं केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं का अधिकतम लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। साथ ही तारबंदी, फार्म पाॅण्ड, शेडनेट जैसी योजनाओं की जानकारी देते हुए किसानों की समस्याएं भी सुनीं।
रात्रि चैपाल के दौरान ग्रामीणों ने जनहित एवं व्यक्तिगत महत्व के विभिन्न परिवाद प्रस्तुत किए। इनमें अतिक्रमण हटाने, आवश्यकता अनुसार सिंगल फेज ट्रांसफार्मर स्थापित करने, पुलिया निर्माण, टूटे हुए विद्युत पोलों को सही करने, विभिन्न योजनाओं के अनुदान स्वीेेकृत करने, विद्युत आपूर्ति में सुधार, आवागमन के लिए नए मार्गों का निर्माण तथा खातेदारी भूमि से नियमानुसार मार्ग उपलब्ध कराने जैसी समस्याएं प्रमुख रहीं।
जिला कलक्टर ने इन सभी परिवादों का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे नियमानुसार त्वरित, पारदर्शी एवं संवेदनशील कार्रवाई सुनिश्चित करते हुए परिवादियों को शीघ्र राहत प्रदान करें।
इस अवसर पर प्रशिक्षु आईएएस श्री अर्नव आनंद गुप्ता, उपखंड अधिकारी नीतू मीणा, आरपीएस अधिकारी श्री आयुष वशिष्ठ, विकास अधिकारी श्री शिवदान सिंह, प्रशासक श्री हरिराम चैधरी सहित विभिन्न विभागों के जिला एवं ब्लाॅक स्तरीय अधिकारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!