उत्तर भारत का सर्वश्रेष्ठ प्लांट है अजमेर डेयरी

राजसमन्द संचालक मंडल ने किया भ्रमण, अजमेर डेयरी से जुड़ने की जताई प्रबल इच्छा
अजमेर: राजसमन्द जिला दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ के संचालक मंडल ने आज अजमेर सरस डेयरी के अत्याधुनिक और विशाल प्लांट का भ्रमण किया। इस दौरान राजसमन्द से आए प्रतिनिधिमंडल ने अजमेर डेयरी की उच्च तकनीक और कार्यप्रणाली से अभिभूत होकर अजमेर डेयरी के साथ जुड़ने की जोरदार पैरवी की।
साफा, शॉल और माल्यार्पण से हुआ भव्य स्वागत
अजमेर डेयरी परिसर पहुँचने पर राजसमन्द के संचालक मंडल का राजस्थानी परंपरा और पूरे मान-सम्मान के साथ स्वागत किया गया। अजमेर डेयरी के अध्यक्ष श्री रामचंद्र चौधरी और प्रबंध संचालक श्री रामलाल चौधरी ने सभी अतिथियों को माल्यार्पण कर, साफा पहनाकर एवं शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया और स्मृति चिह्न भेंट किए।
वर्तमान में भीलवाड़ा से हो रहा काम, अब अजमेर से जुड़ने की मांग
भ्रमण के दौरान एक बेहद महत्वपूर्ण बात सामने आई। राजसमन्द डेयरी के संचालक मंडल के सदस्यों ने स्पष्ट किया कि वर्तमान में वे अपना दुग्ध संकलन भीलवाड़ा डेयरी को भेज रहे हैं और उनके उत्पादों का विपणन (मार्केटिंग) भी वहीं से हो रहा है।
अजमेर डेयरी के विश्वस्तरीय प्लांट को देखने के बाद राजसमन्द के सदस्यों ने इच्छा जाहिर करते हुए कहा कि, “हमें अजमेर डेयरी में शामिल किया जाए, जिससे राजसमन्द को भी अजमेर डेयरी के उच्च गुणवत्ता वाले बेहतरीन दुग्ध उत्पाद मिल सकें।” यह प्रस्ताव दोनों जिलों के बीच सहकारिता के एक नए अध्याय की शुरुआत कर सकता है।
उत्तरी भारत में सर्वश्रेष्ठ है अजमेर डेयरी का प्लांट
इस अवसर पर अजमेर डेयरी के अध्यक्ष महोदय ने संचालक मंडल को प्लांट की कार्यप्रणाली से अवगत कराया। उन्होंने गर्व के साथ बताया कि नवीन तकनीक, स्वच्छता मानकों और उत्पादन क्षमता के आधार पर अजमेर सरस डेयरी का यह प्लांट आज पूरे उत्तरी भारत की डेयरियों में सर्वश्रेष्ठ है। अत्याधुनिक मशीनों के जरिये यहाँ किसानों का दूध सुरक्षित रहता है और उपभोक्ताओं तक सर्वोत्तम गुणवत्ता के उत्पाद पहुँचते हैं।
प्रतिनिधिमंडल में ये रहे मौजूद
इस विशेष भ्रमण में राजसमन्द डेयरी के चेयरमैन श्री लक्ष्मीनारायण जी गुर्जर के नेतृत्व में डायरेक्टर श्री प्रकाश जी पालीवाल, श्री जगदीश चंद्र जी शर्मा, श्रीमती संजना जी गुर्जर, श्रीमती मानसा कंवर, श्री रूपलाल जी गमेती, राजसमन्द प्रतिनिधि श्री अनिल जी देशवाल और क्वालिटी कंट्रोल प्रभारी श्री जागृत गोस्वामी ने भाग लिया। अजमेर डेयरी के इस प्लांट को देखकर सभी सदस्यों ने इसकी भूरि-भूरि प्रशंसा की।

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!