_*निर्धारित अवधि पश्चात नहीं किया जा सकता आवेदन विथड्रा*_
अजमेर, 11 जून। वरिष्ठ अध्यापक (मा.शि.) प्रतियोगी परीक्षा, 2025 आयोग द्वारा दिनांक 12 जुलाई 2026 से 18 जुलाई 2026 तक आयोजित की जा रही है। इस भर्ती परीक्षा के कतिपय अभ्यर्थियों द्वारा विभिन्न कारणों से उनका आवेदन पत्र प्रत्याहारित करने हेतु आयोग को ऑफलाइन/ऑनलाइन अभ्यावेदन प्रेषित किये जा रहे हैं। उक्त पदों हेतु जारी विज्ञापन जिसमें वांछित शैक्षणिक योग्यता, अनुभव व आयु इत्यादि की पात्रता नहीं रखने/होने की स्थिति में ऑनलाइन आवेदन पत्र को प्रत्याहारित (विथड्रॉल) करने का बिन्दु संख्या 2 में उल्लेख किया गया है जिसके क्रम में आयोग द्वारा जारी प्रेस–नोट दिनांक 5 मई 2026 के अन्तर्गत अभ्यर्थियों को अपने ऑनलाइन आवेदन पत्र में अभ्यर्थी का नाम, फोटो, पिता का नाम, जन्म तिथि के अतिरिक्त अन्य संशोधन ऑनलाइन करने का अवसर प्रदान किया गया था जिसमें ऑनलाइन आवेदन पत्र प्रत्याहारित करने का अवसर भी सम्मिलित था।
आयोग द्वारा उक्त पदों की परीक्षा की समस्त तैयारियां की जा चुकी हैं तथा ऑनलाइन आवेदन पत्र में अनुज्ञेय संशोधन तथा ऑनलाइन आवेदन पत्र प्रत्याहारित करने के पर्याप्त अवसर भी प्रदान किये जा चुके हैं। अतः उक्त स्थितियों में अब आयोग द्वारा ऑनलाइन आवेदन पत्र में संशोधन/प्रत्याहारित करने का कोई अवसर प्रदान नहीं किया जायेगा, विज्ञापन की समस्त शर्तें लागू रहेंगी।
उक्त व्यवस्था आयोग द्वारा आयोजित की जाने वाली भविष्यगामी परीक्षाओं में भी यथावत् लागू रहेंगी।