श्री वर्द्धमान शिक्षण समिति द्वारा संचालित श्री वर्द्धमान कन्या महाविद्यालय में प्राचार्य डाॅ. आर. सी. लोढ़ा के निर्देशन एवं जेवीजेवी विभाग, राष्ट्रीय सेवा योजना एवं रेड रिबन क्लब के संयुक्त तत्वाधान में अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन महाविद्यालय परिसर में किया गया जिसमे समस्त संकाय सदस्यों, कर्मचारीगण, स्वंयसेविकाओं, एनसीसी कैडेट्स, स्काउट गाइड एवं छात्राओं द्वारा योग अभ्यास किया गया।
इस अवसर पर जेवीजेवी व्याख्याता एवं योग प्रशिक्षिका सुनीता जैन ने जैन दर्शन एवं योग का संदेश देते हुए नवकार मंत्र एवं ओम के उच्चारण के साथ योग कार्यक्रम प्रारंभ किया जिसमे सूक्ष्म व्यायाम ग्रीवा चालन, स्कन्ध चालन, कटि चालन, जानु चालन, शीतली, तड़ासन, त्रिकोणासन, वज्रासन, मंडूकासन, कपालभाति, अनुलोम-विलोम, नाड़ी शोधन, समाधि मुद्रा ध्यान, शशांकासन, गरूडासन, हलासन, पदमासन एवं सूर्यनमस्कार आदि करवाये गये ।
श्री वर्द्धमान शिक्षण समिति के मंत्री डाॅ. नरेन्द्र पारख ने छात्राओं को संदेश देते हुए बताया कि योग केवल व्यायाम नहीं बल्कि शरीर, मन और आत्मा के बीच संतुलन स्थापित करने वाली जीवनशैली है। उन्होंने कहा कि भारत की प्राचीन योग परंपरा आज पूरी दुनिया को स्वस्थ और संतुलित जीवन का मार्ग दिखा रही है और यह देश की सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विरासत का वैश्विक स्वरूप बन चुकी है।