अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर अजमेर बना योगमय, 18 स्थानों पर 1977 साधकों ने किया योगाभ्यास

योग के माध्यम से स्वस्थ व्यक्ति, समर्थ समाज और सशक्त राष्ट्र निर्माण का संदेश, जन-जन का उत्सव बना अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस

अजमेर, 21 जून। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर विवेकानंद केंद्र कन्याकुमारी, अजमेर नगर द्वारा शहर एवं आसपास के विभिन्न क्षेत्रों में योग चेतना का व्यापक अभियान संचालित किया गया। नगर के 18 विभिन्न स्थानों पर आयोजित सामूहिक योग कार्यक्रमों में कुल 1,977 साधकों एवं नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए योगमय जीवन का संकल्प लिया। इन आयोजनों के माध्यम से “स्वस्थ व्यक्ति, समर्थ समाज और सशक्त राष्ट्र” का संदेश जन-जन तक पहुंचा।

भजनगंज स्थित टोरेन्टो पैलेस में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में 1,010 से अधिक साधकों ने सामूहिक योगाभ्यास कर अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को जन-उत्सव का स्वरूप प्रदान किया। इसके अतिरिक्त अभियांत्रिकी महाविद्यालय, जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज, प्रेम प्रकाश आश्रम पुष्कर, डॉ. हेडगेवार उद्यान, केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड, राजकीय शिक्षण संस्थान, मधुबन कॉलोनी, आदर्श नगर, राष्ट्रीय बीजीय मसाला अनुसंधान केंद्र, आयकर भवन, मुख्य डाकघर तथा अन्य स्थलों पर भी नागरिकों ने उत्साहपूर्वक योगाभ्यास किया।

योग कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं, महिलाओं, विद्यार्थियों, अधिकारियों, चिकित्सकों एवं वरिष्ठ नागरिकों को एक सूत्र में जोड़ते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया। योग को केवल व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर, मन और आत्मा के संतुलन तथा सामाजिक समरसता एवं राष्ट्रनिर्माण का माध्यम बताया गया।

इन कार्यक्रमों के सफल संचालन में विवेकानंद केंद्र के कार्यकर्ताओं एवं योग प्रशिक्षकों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अभियांत्रिकी महाविद्यालय में अंकुर प्रजापति एवं जितेंद्र कुमार, मधुबन कॉलोनी मदार में नाथूलाल जैन, भगत सिंह उद्यान वैशाली नगर में अनीता गुप्ता एवं महेंद्र काबरा, ज्ञान विहार कॉलोनी गार्डन में ओमप्रकाश छापरवाल, जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज में डॉ. श्याम भूतड़ा, आयकर भवन में नाथूलाल जैन, डॉ. हेडगेवार उद्यान में दिनेश चंद्र नवाल एवं कुशल उपाध्याय, नए चिकित्सा भवन उद्यान गुलाबबाड़ी में लक्ष्मी चौहान, सुलोचना शर्मा, पुष्पा बिष्ट, मीनाक्षी अरोड़ा, सुनीता राठौर, निर्मला शर्मा एवं मधुलिका, प्रेम प्रकाश आश्रम पुष्कर में मधु शर्मा, हिमांशु, कृष्णेंद्र, सुधाकर, अनीता एवं गुड्डू सेन, राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय आदर्श नगर में बीना तोमर, राजकीय उच्च शिक्षण संस्थान में अंकुर प्रजापति, एलआईसी कार्यालय अलवर गेट में सुगंध चंद गहलोत, मुख्य डाकघर में राकेश यादव एवं चंद्रशेखर शर्मा, केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड एवं  टोरेन्टो पैलेस में डॉ. स्वतंत्र शर्मा एवं अंकुर प्रजापति, राष्ट्रीय बीजीय मसाला अनुसंधान केंद्र में श्यामवीर सिंह, प्राची तोमर, मधुबन कॉलोनी नाका मदार में डॉ. स्वतंत्र शर्मा एवं अंकुर प्रजापति तथा गांधी भवन उद्यान आदर्श नगर में विनीता यादव ने समर्पण एवं निष्ठा के साथ कार्यक्रमों का संचालन किया।

विवेकानंद केंद्र कन्याकुमारी, अजमेर नगर के पदाधिकारियों ने सभी योग साधकों, स्वयंसेवकों एवं सहयोगी संस्थाओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि योग भारत की सनातन जीवन-पद्धति का अमूल्य उपहार है, जिसने आज संपूर्ण विश्व को स्वास्थ्य, शांति और संतुलन का मार्ग दिखाया है। योग केवल व्यक्तिगत स्वास्थ्य का साधन नहीं, बल्कि समरस समाज और सशक्त राष्ट्र निर्माण का आधार है। आवश्यकता इस बात की है कि योग दिवस केवल एक दिन का उत्सव न रहकर प्रत्येक नागरिक के दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बने।

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!