अजमेर। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में कुन्दन नगर स्थित राजपूत छात्रावास एवं प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय, प्रभु पसंद भवन, शास्त्री नगर सेवा केन्द्र के संयुक्त तत्वावधान में योग एवं मेडिटेशन कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों एवं स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर योग और आध्यात्मिकता के महत्व को आत्मसात किया।
कार्यक्रम की शुरुआत योग प्रशिक्षक अंशुमान सिंह शेखावत द्वारा विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम की मुद्राओं के अभ्यास से हुई। उन्होंने उपस्थित विद्यार्थियों को योग के शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक लाभों की जानकारी देते हुए नियमित योग को जीवन का अभिन्न अंग बनाने का संदेश दिया। प्रतिभागियों ने विभिन्न आसनों का अभ्यास कर स्वास्थ्य एवं सकारात्मक ऊर्जा का अनुभव किया।
इसके पश्चात प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय, शास्त्री नगर सेवा केन्द्र की संचालिका ब्रह्माकुमारी आशा बहन ने म्यूजिकल एक्सरसाइज एवं राजयोग मेडिटेशन का अभ्यास कराया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में मानसिक शांति, तनावमुक्त जीवन और सकारात्मक सोच के लिए मेडिटेशन अत्यंत आवश्यक है। मेडिटेशन के माध्यम से व्यक्ति आत्मिक शक्ति प्राप्त कर अपने जीवन को सुख, शांति और संतुलन से भर सकता है।
कार्यक्रम के दौरान राजपूत छात्रावास के अध्यक्ष सुमेर सिंह जी, ब्रह्माकुमारी आशा बहन एवं बीके कीर्ति बहन ने छात्रावास के अध्यक्ष सुमेर सिंह और अंशुमान सिंह को ईश्वरीय सौगात भेंट कर उन्हें नैतिक एवं आध्यात्मिक मूल्यों को जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने योग एवं ध्यान को स्वस्थ समाज और श्रेष्ठ राष्ट्र निर्माण का आधार बताया।
इस अवसर पर छात्रावास के अनेक छात्र एवं छात्राओं ने उत्साह और उमंग के साथ कार्यक्रम में भागीदारी निभाई। पूरे वातावरण में सकारात्मकता, अनुशासन और आध्यात्मिक ऊर्जा का अनुभव किया गया। विद्यार्थियों ने योग एवं मेडिटेशन के माध्यम से शारीरिक स्वास्थ्य के साथ-साथ मानसिक शांति प्राप्त करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में सेवा केन्द्र के वरिष्ठ राजयोगी बीके ओम प्रकाश भाई भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को आध्यात्मिक जीवनशैली अपनाने तथा श्रेष्ठ संस्कारों के महत्व पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम का समापन विश्व शांति एवं मानव कल्याण की मंगलकामनाओं के साथ किया गया।
बी के रमेश