वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना की केन्द्रीय मंत्री श्री चौधरी ने निकाली लॉटरी

अजमेर जिले के एक हजार 688 वरिष्ठ नागरिक करेंगे तीर्थ यात्रा

रेलमार्ग से 1504 और हवाईमार्ग से 184 वरिष्ठ नागरिकजन करेंगे धार्मिक स्थलों की यात्रा

अजमेर, 23 जून। देवस्थान विभाग की प्रमुख योजना वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना-2026 के तहत इस बार जिले के एक हजार 677 तीर्थयात्रियों को रेलमार्ग तथा 205 को हवाईमार्ग से विभिन्न धार्मिक स्थलों की यात्रा करवाई जाएगी। इसके लिए केन्द्रीय कृषि मंत्री श्री भागीरथ चौधरी द्वारा मंगलवार 23 जून को लॉटरी निकाली गई।

केन्द्रीय कृषि मंत्री श्री भागीरथ चौधरी ने बताया कि इस बार प्रदेश के 50 हजार वरिष्ठ नागरिकों को रेलमार्ग और 6 हजार को हवाईमार्ग से निर्धारित स्थलों पर यात्रा करवाई जाएगी। वहीं अजमेर जिले के 1688 वरिष्ठ नागरिकों को इस योजना के तहत यात्रा करवाई जाएगी। इसमें 1504 रेलमार्ग द्वारा तथा 184 हवाईमार्ग द्वारा भेजे जाएंगे। विभिन्न यात्राओं के लिए कार्यक्रम का निर्धारण आगामी दिनों में किया जाएगा। मुख्यमंत्री श्री भजन लाल शर्मा द्वारा वरिष्ठ नागरिकों की आस्था का सम्मान करते हुए यह यात्रा करवाई जा रही है।

उन्होंने बताया कि इस बार हरिद्वार-ऋषिकेश-आयोध्या-वाराणसी-सारनाथ, सम्मेदशिखर-पावापुरी-वाराणसी-सारनाथ, मथुरा-वृंदावन-बरसाना-आगरा-अयोध्या, द्वारकापुरी-नागेश्वर-सोमनाथ, तिरूपति-पद्मावति, कामाख्या-गुवाहाटी, गंगासागर-कोलकत्ता, जगन्नाथपुरी-कोणार्क, रामेश्वरम-मदुरई, वैष्णोदेवी-अमृतसर-बाघा बोर्डर, गोवा के मंदिर एवं अन्य स्थल चर्च आदि, महाकालेश्वर, उज्जैन-ओंकारेश्वर-त्रयम्बकेश्वर-घृष्णेश्वर-एलोरा, बिहार-शरीफ, श्री हूजुर साहिब, नांदेड़, महाराष्ट्र, पटना साहिब और पटना बिहार की यात्रा रेलमार्ग से करवाई जाएगी। वहीं हवाई जहाज द्वारा पशुपतिनाथ-काठमाण्डू (नेपाल) की यात्रा करवाई जाएगी।

उन्होंने बताया कि राजस्थान सरकार द्वारा प्रदेश के मूल निवासी वरिष्ठ नागरिकों (60 साल या अधिक आयु के व्यक्ति) को उनके जीवनकाल में एक बार निर्धारित तीर्थ स्थानों में से किसी एक स्थान पर पूर्णतया निःशुल्क यात्रा करवाने की यह संचालित है। गत वर्ष सभी वरिष्ठ नागरिकों को वातानुकूलित रेलगाड़ी में यात्रा करवाई गई।

जिला स्तरीय चयन समिति के अध्यक्ष एवं जिला कलक्टर श्री लोक बन्धु ने बताया कि देवस्थान विभाग राजस्थान सरकार के द्वारा वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना के तहत वरिष्ठ नागरिकों की वर्ष 2026-27 के विभिन्न तीर्थ स्थलों की यात्राओं के लिए लॉटरी द्वारा चयन करने के लिए कलेक्ट्रेट सभागार में कम्प्यूटर द्वारा ऑनलाइन लॉटरी के द्वारा लाभार्थियों का चयन किया गया। लॉटरी केन्द्रीय कृषि मंत्री श्री भागीरथ चौधरी द्वारा निकाली गई।

उन्होंने बताया कि इसमें हवाई यात्रा और रेल यात्रा के जिले के लिए निर्धारित कुल कोटे 1688 के अनुसार मुख्य सूचियां ( रेल व हवाई की अलग अलग) और उतने ही संख्या में आरक्षित सूची का चयन किया गया। भारतवर्ष में स्थित 15 विभिन्न धार्मिक तीर्थ स्थलों का एयर कंडीशन रेल यात्रा एवं नेपाल स्थित काठमांडू के लिए हवाई यात्रा से यह यात्रा करवाई जाती है। इस वर्ष इसके फॉर्म 27 मई से 10 जून तक ऑनलाइन देवस्थान विभाग के पोर्टल पर भरवाए गए थे। अजमेर संभाग के शेष सभी जिलों की लॉटरी बुधवार 24 और 25 जून को निकाली जाएगी। रेल के द्वारा 1504 यात्री और हवाई मार्ग द्वारा 184 यात्रियों का मुख्य सूची में चयन हुआ है।

देवस्थान विभाग के सहायक आयुक्त श्री गौरव सोनी ने बताया कि यह योजना पूर्णतया निःशुल्क है। इसमें चयन के लिए किसी प्रकार का कोई शुल्क नहीं लिया जा रहा है। अतः आमजन से अपील है कि किसी भी प्रकार के फर्जी एवं असामाजिक तत्वों आदि के झाँसे में नहीं आएं। किसी भी जानकारी के लिए देवस्थान विभाग के कार्यालय अथवा ईमेल पर सम्पर्क किया जा सकता है।

इस दौरान देवस्थान विभाग के श्री जिंतेंद्र तथा पर्यटन विभाग के संयुक्त निदेशक श्री कृष्णकुमार एवं श्री प्रद्युम्न देथा और डीओआईटीसी से प्रोग्रामर श्रीमती संतोष कंवर सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!