गुरूवार को भी मिलेगी जन-जन को राहत
अजमेर, 24 जून। आमजन की समस्याओं के त्वरित एवं स्थानीय स्तर पर समाधान और विभिन्न लोक-कल्याणकारी योजनाओं का लाभ मौके पर ही प्रदान करने के लिए गुरूवार 25 जून को भी ग्रामीण एवं शहरी शिविरों के माध्यम से राहत प्रदान की जाएगी।
जिला कलक्टर श्री लोक बन्धु ने बताया कि अभियान के तहत 15 जुलाई तक प्रत्येक ग्राम पंचायत मुख्यालय पर सोमवार से शुक्रवार तक ग्रामीण एवं शहरी सेवा शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि गुरूवार 25 जून को उपखण्ड क्षेत्र अजमेर की गगवाना, अरांई की कालानाडा, भिनाय की कुम्हारिया, किशनगढ़ की नलू, केकड़ी की खवास, नसीराबाद की सनोद, सरवाड़ की भगवानपुरा, सावर की कुशायता तथा पीसांगन की नागेलाव ग्राम पंचायत में ग्रामीण सेवा शिविर का आयोजन किया जाएगा। इसी प्रकार नगरीय निकायों में शहरी सेवा शिविरों का आयोजन वार्डवार किया जाएगा।
सफलता की कहानी-1
शिविर में टीबी का उपचार प्राप्त हुआ
ग्रामीण सेवा शिविर 2026 ग्राम पंचायत भटसूरी, पीसांगन में आयोजित किया गया। ग्रामीण सेवा शिविर में ग्राम भटसूरी के सेतु रेगर शारीरिक रुप से कमजोर एवं बीमार हालत में ग्रामीण सेवा शिविर में पहुंचा। शिविर में चिकित्सक द्वारा प्राथमिक जांच के उपरान्त सरकार की महत्वपूर्ण टी.बी. संबंधित योजना डॉट्स के तहत 6 माह की दवाईयां एवं पोषण किट प्रदान करते हुए राहत प्रदान की। सेतु रेगर को अपनी अन्य जरुरत की पूर्ति हेतु एक हजार रुपये प्रति महिना की आर्थिक सहायता भी चालू करवाई। जिसे पाकर टीबी से बीमार सेतु रेगर खुश हुआ एवं सरकार के इस कैंप की सराहना की।
भूमि विभाजन से योजनाओं का लाभ प्राप्त हुआ
जन योजना अभियान ग्रामीण सेवा शिविर के अन्तर्गत राजस्थान सरकार द्वारा भारत निर्माण राजीव गाँधी सेवा केन्द्र, ग्राम पंचायत, दादिया, अरांई में ग्रामीण सेवा शिविर कैम्प का आयोजन किया गया।
ग्रामीण सेवा शिविर 2026 में ग्राम दादिया के वर्तमान खसरा नंबर 1689/3247 रकबा 0.2589 हैकटेयर के सह खातेदार श्री रामराज पुत्र विश्राम जाती जाट एवं श्री शिवराज पुत्र विश्राम जाती जाट निवासीगण ग्राम दादिया ने शिविर में उपस्थित होकर उक्त खसरा नंबर का सहमति विभाजन करने हेतु निवेदन किया। जिस पर शिविर प्रभारी श्रीमती नीतू मीणा ने प्रार्थीगण की समस्या को सुनते हुए तहसीलदार अरांई को विभाजन करने हेतु निर्देश दिया। इस पर तहसीलदार ने भू-अभिलेख निरीक्षक दादिया व पटवारी हलका दादिया को सहमति विभाजन प्रस्ताव तैयार करने हेतु निर्देशित किया। भू अभिलेख निरीक्षक दादिया व पटवारी हल्का दादिया ने बंटवारा प्रस्ताव तैयार कर तहसीलदार अरांई के समक्ष प्रस्तुत किया। जिस पर तहसीलदार ने शिविर में सहमति विभाजन आदेश जारी कर प्रार्थीगण को राहत प्रदान करवाई।
प्रार्थी ने बताया कि पूर्व में उनकी भूमि का विभाजन नहीं होने के कारण वे राजकीय योजनाओं यथा तारबंदी इत्यादि का लाभ लेने से वंचित हो रहे थे। अब विभाजन हो जाने के पश्चात इस प्रकार की योजनाओं का लाभ ले पाएंगे। प्रार्थीगण ने शिविर में की गई कार्यवाही से प्रसन्न होकर मुख्यमंत्री श्री भजन लाल शर्मा राजस्थान सरकार, उपखंड अधिकारी अरांई श्रीमती नीतू मीणा, तहसीलदार श्री प्रेम सुख वैष्णव, भू अभिलेख निरीक्षक हनुमान प्रसाद व पटवारी हलका श्री सुनील नेभनानी को धन्यवाद ज्ञापित किया।
मौके पर हुआ खातेदारी में नाम शुद्धिकरण
ग्रामीण सेवा शिविर-2026 के तहत ग्राम पंचायत जोतायां तहसील टांटोटी, सरवाड़ में आयोजित शिविर जोतायां निवासी नाथू पुत्र सुखदेव जाति खारोल के लिए वरदान साबित हुआ।
प्रार्थी नाथू पुत्र सुखदेव जाति खारोल हाल निवासी जोतायां वर्तमान जमाबंदी के खाता संख्या 295, 296 में अपना नाम गलत दर्ज होने से वर्षों से विभिन्न न्यायालयों एवं कोर्ट-कचहरी के चक्कर लगा-लगाकर काफी हताश एवं निराश हो चुका था। प्रार्थी का सही नाम नाथु पुत्र सुखदेव है जबकी वर्तमान जमाबंदी के खाता संख्या 295,296 में नानु पुत्र सुखदेव दर्ज हो रखा था। जिसे सही करवाने में प्रार्थी को कहीं से कोई भी राहत नहीं मिली।
ग्राम पंचायत मुख्यालय जोतायां पर आयोजित शिविर में प्रार्थी ने शिविर प्रभारी के समक्ष अपनी पीड़ा व्यक्त की। शिविर प्रभारी ने संबंधित पटवारी हल्का एवं भू अभिलेख निरीक्षक सराना से रिपोर्ट ली। प्रार्थी से आवेदन लेकर नाम की अशुद्धि को हाथों-हाथ शुद्ध करने के लिए आदेश जारी किए। प्रार्थी राजस्व रिकॉर्ड में अपने नाम की शुद्धी का आदेश प्राप्त कर अत्यधिक प्रसन्न हुआ। प्रार्थी ने शिविर प्रभारी को धन्यवाद ज्ञापित किया। राज्य सरकार एवं मुख्यमंत्री श्री भजन लाल शर्मा द्वारा चलाए जा रहे शिविर आयोजन कार्यक्रम की सराहना की।