उत्तर पश्चिम रेलवे अजमेर मंडल में रेलवे सुरक्षा बल (रे.सु.ब.) के जवानों के कल्याण और उनकी कार्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। बुधवार को रेलवे सुरक्षा बल लाइन, रामगंज, अजमेर में रेल सुरक्षा बल के सदस्यों के लिए नवनिर्मित मैस एवं नवनिर्मित ओपन जिम का श्री राजू भूतड़ा, मंडल रेल प्रबंधक, अजमेर तथा श्री ज्योति कुमार सतीजा, महानिरीक्षक सह प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त , रेलवे सुरक्षा बल, उत्तर पश्चिम रेलवे, जयपुर द्वारा उद्घाटन किया गया।
इस अवसर पर श्री योगेन्द्र सिंह, मंडल सुरक्षा आयुक्त अजमेर मंडल तथा श्री रामेश्वर लाल मीणा तथा सहायक सुरक्षा आयुक्त, अजमेर सहित रेल सुरक्षा बल अजमेर के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
उद्घाटन कार्यक्रम के उपरांत, प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त श्री ज्योति कुमार सतीजा द्वारा रेलवे सुरक्षा बल के सदस्यों के साथ एक ‘सुरक्षा सम्मेलन’ का आयोजन किया गया। इस सम्मेलन में बल के जवानों की समस्याओं को सुना गया और उनके मनोबल को बढ़ाने पर चर्चा की गई। इसके अतिरिक्त, अधिकारियों द्वारा रेल सुरक्षा बल श्वान दस्ता (डॉग स्क्वाड) एवं रेल सुरक्षा बल थाना, अजमेर का भी गहन निरीक्षण किया गया। श्री ज्योति कुमार सतीजा एवं श्री राजू भूतड़ा के कुशल मार्गदर्शन, प्रेरणा और सतत सहयोग के चलते आरपीएफ अजमेर मंडल के कर्मियों के कल्याण एवं कार्य सुविधाओं में निरंतर वृद्धि हो रही है। नई मैस और ओपन जिम की यह सुविधा जवानों के स्वास्थ्य, फिटनेस और कार्यक्षमता को बेहतर बनाए रखने में मील का पत्थर साबित होगी।
मुख्य जनसंपर्क निरीक्षक, अजमेर