*आरपीएससी: चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी भर्ती परीक्षा 2024 के तहत 27 अभ्यर्थियों के नियुक्ति आदेश जारी, 21 दिन में ज्वाइनिंग अनिवार्य*

अजमेर, 30 जून। राजस्थान लोक सेवा आयोग, अजमेर ने  कर्मचारी चयन बोर्ड द्वारा आयोजित चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी सीधी भर्ती परीक्षा, 2024 के अंतर्गत नियुक्ति आदेश जारी कर दिए हैं।
आयोग सचिव ने बताया कि इस भर्ती के तहत आरपीएससी में कुल 27 अभ्यर्थियों  की  अभिस्तावना कर्मचारी चयन बोर्ड द्वारा प्राप्त हुई थी, जिनको अस्थाई तौर पर नियुक्त किया गया है। नियुक्त किए गए सभी अभ्यर्थियों को कार्यभार संभालने की तिथि से 2 वर्ष के परिवीक्षाकाल (प्रोबेशन) पर रखा जाएगा।
संबंधित अभ्यर्थियों को आदेश जारी होने की तिथि  से अधिकतम 21 दिनों के भीतर कार्यभार संभालना होगा। यदि कोई अभ्यर्थी किन्हीं अपरिहार्य कारणों से समय पर ज्वाइन नहीं कर पा रहा है, तो उसे समय सीमा समाप्त होने से कम से कम 7 दिन पहले अवधि विस्तार के लिए आवेदन करना होगा। यह विस्तार अधिकतम एक माह तक का ही हो सकता है। तय समय में ज्वाइन न करने पर नियुक्ति आदेश स्वतः निरस्त मान लिए जाएंगे।
*दस्तावेज सत्यापन और अनिवार्य शपथ-पत्र*
ज्वाइनिंग से पहले अभ्यर्थियों को अपने सभी मूल शैक्षणिक दस्तावेज, प्रमाण पत्र, पहचान पत्र और दो नई पासपोर्ट साइज फोटो के साथ आयोग कार्यालय में उपस्थित होना होगा। इसके साथ ही 50 रुपये के नॉन-जुडिशियल स्टाम्प पेपर पर आवेदन में दी गई सूचनाओं के सत्य होने और कोई आपराधिक मामला या एफआईआर लंबित न होने का शपथ-पत्र देना होगा। अभ्यर्थियों को धूम्रपान नहीं करने, दहेज नहीं लेने, विवाह और 1 जून 2002 के बाद दो से अधिक संतान नहीं होने का शपथ-पत्र भी प्रस्तुत करना होगा। इसके अतिरिक्त अभ्यर्थियों को अपने जिले के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी  या उच्च चिकित्सा अधिकारी द्वारा प्रमाणित स्वास्थ्य प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य है। कार्यभार ग्रहण करने के बाद 15 दिनों के भीतर पुलिस विभाग द्वारा जारी चरित्र एवं पूर्व-वृत सत्यापन संबंधी ऑनलाइन प्रमाण पत्र आयोग को सौंपना होगा। जो अभ्यर्थी पहले से ही नियमित राज्य सेवा में कार्यरत हैं, उन्हें ज्वाइनिंग के समय पुलिस वेरिफिकेशन और स्वास्थ्य प्रमाण पत्र देने की आवश्यकता नहीं होगी। उन्हें अपने पूर्व नियोक्ता से उचित माध्यम द्वारा जारी कार्यमुक्त आदेश, अनापत्ति प्रमाण पत्र और अंतिम भुगतान प्रमाण पत्र  प्रस्तुत करना होगा। ज्वाइनिंग से पहले सभी नवनियुक्त कर्मचारियों को  संविधान के प्रति पूर्ण निष्ठावान रहने की शपथ भी लेनी होगी।
error: Content is protected !!